पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने क्रिकेटर हमजा नजर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन पर दो साल का प्रतिबंध लगा दिया है। इसके साथ ही बोर्ड ने उन पर 10 लाख पाकिस्तानी रुपये (PKR) का जुर्माना भी लगाया है। इस फैसले के बाद हमजा अगले दो वर्षों तक न तो घरेलू क्रिकेट खेल सकेंगे और न ही किसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हिस्सा ले पाएंगे।
जांच के बाद लिया गया फैसला
PCB ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की थी। बोर्ड के अनुसार, समिति ने हमजा नजर को अपना पक्ष रखने और आरोपों पर जवाब देने का पूरा अवसर दिया। मौजूद दस्तावेजों, तथ्यों और संबंधित परिस्थितियों की जांच के बाद समिति ने अपनी रिपोर्ट और सिफारिशें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को सौंपी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। बोर्ड ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि जांच प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से की गई और सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद ही प्रतिबंध और जुर्माने का फैसला लिया गया।
वीजा आवेदन में गलत जानकारी देने का आरोप
PCB के मुताबिक, हमजा नजर ने बोर्ड के माध्यम से वीजा आवेदन करते समय गलत और अधूरी जानकारी उपलब्ध कराई थी। जांच में पाया गया कि उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाया और गलत जानकारी दी, जो बोर्ड के नियमों का उल्लंघन है। इसी आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
बोर्ड का मानना है कि खिलाड़ियों से आधिकारिक प्रक्रियाओं में पूरी पारदर्शिता और सही जानकारी देने की अपेक्षा की जाती है। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए दो साल के प्रतिबंध के साथ आर्थिक दंड भी लगाया गया है।
अब तक नहीं किया अंतरराष्ट्रीय डेब्यू
27 वर्षीय हमजा नजर अभी तक पाकिस्तान की सीनियर राष्ट्रीय टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण नहीं कर सके हैं। हालांकि घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। उन्होंने 16 प्रथम श्रेणी मैचों की 27 पारियों में 748 रन बनाए हैं और 26 विकेट भी हासिल किए हैं। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनके नाम एक शतक और पांच अर्धशतक दर्ज हैं। इसके अलावा उन्होंने 15 लिस्ट-ए मुकाबलों में 192 रन बनाने के साथ 18 विकेट लिए हैं। वहीं 10 टी20 मैचों में उन्होंने 65 रन बनाए और 5 विकेट अपने नाम किए हैं। अब PCB की कार्रवाई के चलते उनका क्रिकेट करियर अगले दो वर्षों तक ठहर गया है।
Read More
इस राज्य में अब होगी ऑनलाइन शराब की बुकिंग, जल्द लॉन्च होगा ऐप

