HomeBreaking Newsहमारी सरकार की ओर से पूरे पंजाब में छठ महापर्व के लिए...

हमारी सरकार की ओर से पूरे पंजाब में छठ महापर्व के लिए शानदार प्रबंध किए – CM मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज छठ पूजा के समारोह में श्रद्धालुओं के साथ शिरकत की। उन्होंने सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और सबकी खुशी, खुशहाली, अच्छे स्वास्थ्य एवं तंदुरुस्ती के लिए प्रार्थना की। त्योहार की आस्था, कृतज्ञता और एकता के संदेश पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब लोग एक-दूसरे के त्योहार आपसी उत्साह के साथ मनाते हैं, तो पंजाब की सांप्रदायिक सद्भावना और आपसी सम्मान की समृद्ध विरासत और अधिक मजबूत होती है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर छठ पूजा की कुछ झलकियां साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “आज मैंने धूरी में छठ पूजा में हिस्सा लिया और छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त किया।”

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पूरे राज्य में हजारों लोग बड़ी श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक भावना के साथ छठ पूजा मना रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं छठी मैया और सूर्य देव से सभी की शांति, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली के लिए प्रार्थना करता हूं और आशा करता हूं कि प्रेम, आपसी सम्मान तथा भाईचारे के रिश्ते और मजबूत होते रहेंगे। त्योहार के महत्व का वर्णन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “छठ पूजा केवल एक धार्मिक त्योहार ही नहीं, बल्कि एक पवित्र अवसर है, जो आस्था, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। सूर्य को जीवन, ऊर्जा, प्रकाश और अच्छे स्वास्थ्य के स्रोत के रूप में पूजा जाता है, जो हमें हमारे अस्तित्व में प्रकृति के योगदान की याद दिलाता है।”

उन्होंने आगे कहा, “डूबते और उगते सूर्य दोनों को अर्घ्य देने की परंपरा छठ पूजा के सबसे विशिष्ट पहलुओं में से एक है। यह हमें जीवन के हर चरण और प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान करना सिखाती है। यह त्योहार हमें स्वच्छता, संयम, अनुशासन और प्रकृति के साथ गहरा संबंध स्थापित करने के लिए भी प्रेरित करता है।”

बिहार और पूर्वांचल से पंजाब आकर बसे लोगों के योगदान की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “हमारे प्रवासी भाई-बहन पंजाब की तरक्की और खुशहाली में अनमोल योगदान दे रहे हैं। उनकी कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण कृषि, उद्योग, व्यापार तथा कई अन्य क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। राज्य के विकास में उनका योगदान बेमिसाल है।” मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “बिहार और पूर्वांचल के हमारे भाई-बहनों के साथ हमारा रिश्ता केवल रोजगार तक सीमित नहीं है। यह सांस्कृतिक साझेदारी, आपसी विश्वास, प्रेम और भाईचारे की मजबूत जड़ों से जुड़ा हुआ है। पंजाब में रहने वाला प्रत्येक व्यक्ति हमारे बड़े परिवार का हिस्सा है और राज्य की तरक्की में योगदान देने वाले समाज के हर वर्ग का सम्मान करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।” मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब की असली ताकत इसकी एकता, सांप्रदायिक सद्भावना, आपसी भाईचारे और ‘सर्वजन कल्याण’ की भावना में निहित है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार प्रत्येक समुदाय, धर्म और समाज के हर वर्ग की भावनाओं का सम्मान करती है। हमारा उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां प्रत्येक नागरिक को समान अवसर, सुरक्षा और सम्मान मिले। सभी धर्मों और संस्कृतियों के त्योहार मिल-जुलकर मनाना हमारी समृद्ध विरासत का अभिन्न अंग है।”

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हमारी सरकार ने छठ पूजा के लिए पूरे राज्य में 104 स्थानों की पहचान की है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। उन्होंने कहा कि यह त्योहार विभिन्न समुदायों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करता है और आस्था, श्रद्धा, एकता तथा सामूहिक सहभागिता के मूल्यों को प्रोत्साहित करता है। पंजाब के विकास में प्रवासी मजदूरों के योगदान को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी भूमिका निर्माण, व्यापार और अन्य आर्थिक गतिविधियों सहित अनेक क्षेत्रों में फैली हुई है। उन्होंने कहा कि पंजाब की तरक्की एक सामूहिक प्रयास है और राज्य की खुशहाली के लिए काम करने वाला प्रत्येक व्यक्ति सम्मान एवं पहचान का हकदार है। प्रवासी मजदूरों से अपने बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “मैं सभी प्रवासी परिवारों से अपील करता हूं कि वे सुनिश्चित करें कि उनके बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले और वे जीवन में आगे बढ़ें। पंजाब सरकार अच्छे स्कूल स्थापित कर रही है, ताकि हर पृष्ठभूमि के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके, वे अधिकारी बनने के सपने देख सकें और समाज में सार्थक योगदान दे सकें।”

सभी को छठ पूजा की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे भाईचारे, सद्भावना और आपसी सम्मान के मूल्यों को कायम रखते हुए इस त्योहार को खुशी, उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाएं।

Read More

थाईलैंड के फुकेत में भीषण आग से मची तबाही, 11 लोगों की मौत और 16 घायल, कई इमारतें ढहीं

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments