दिल्ली सरकार ने महिलाओं के आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के ऑनलाइन पोर्टल की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को पूर्वी दिल्ली के जिला अधिकारी (DM) कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पोर्टल का उद्घाटन किया। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार का लक्ष्य 17 लाख से अधिक महिलाओं तक इस योजना का लाभ पहुंचाना है।
आज से शुरू हुए आवेदन
योजना के लिए वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में 5,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। ऑनलाइन पोर्टल के जरिए आवेदन प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई है। सरकार का लक्ष्य आवेदन मिलने के बाद बाद पात्रता का सत्यापन तेजी से पूरा कर पहली किस्त रक्षाबंधन के अवसर पर लाभार्थियों के खातों में भेजना है।
महिला सशक्तिकरण को मिलेगा बढ़ावा
पोर्टल लॉन्च के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार यह योजना केवल वित्तीय सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने की पहल भी है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ वास्तविक पात्र महिलाओं तक पहुंचे, ताकि वे अपनी जरूरतें पूरी करने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत बना सकें।
आवेदन करने के लिए किया अपील
कार्यक्रम में विधायक एवं जिला विकास समिति के चेयरमैन अनिल गोयल, विधायक संजय गोयल, विधायक ओमप्रकाश शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान महिलाओं को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई और अधिक से अधिक पात्र महिलाओं से योजना के लिए आवेदन करने की अपील की गई।
Read More
अचानक टला TISS का दीक्षांत समारोह, CJI सूर्यकांत थे मुख्य अतिथि

