नेपाल के सुनसरी जिले से शुरू हुई सांप्रदायिक हिंसा अब मधेश प्रांत के कई इलाकों तक फैल चुकी है। हालात बिगड़ने के बाद प्रशासन ने धनुषा और सिरहा जिलों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया है। सुरक्षा कारणों से भारत के जयनगर से नेपाल के जनकपुर और बिजलपुरा के बीच चलने वाली नेपाली रेलवे सेवा भी अगले आदेश तक रोक दी गई है।
कर्फ्यू के बाद रेल पूरी तरह ठप
जयनगर स्थित नेपाली रेलवे के स्टेशन अधीक्षक एसएल मीना ने बताया कि धनुषा जिले में कर्फ्यू लागू होने के बाद शुक्रवार से ट्रेन सेवाएं बंद कर दी गई हैं। जयनगर-जनकपुर-बिजलपुरा रेल मार्ग पर फिलहाल कोई ट्रेन संचालित नहीं होगी और परिचालन प्रशासन के अगले निर्देश तक स्थगित रहेगा। सामान्य दिनों में इस मार्ग पर हर दिन तीन फेरे लगाए जाते हैं। इनमें एक ट्रेन बिजलपुरा तक जाती है, जबकि दो फेरे जनकपुर-कुर्था सेक्शन में संचालित होते हैं। इस रेल सेवा का रोजाना लगभग पांच हजार यात्री इस्तेमाल करते हैं।
रेलवे को आर्थिक नुकसान
ट्रेन सेवाएं बंद होने से नेपाल रेलवे को राजस्व का भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार तक सभी निर्धारित ट्रेनें सामान्य रूप से चली थीं, लेकिन शाम को बढ़ते तनाव के कारण बिजलपुरा तक जाने वाली सेवा को केवल जनकपुर तक सीमित कर दिया गया। स्थिति और गंभीर होने पर सुरक्षा के मद्देनज़र ट्रेन के रैक वापस जयनगर स्टेशन लाकर खड़े कर दिए गए। वहीं, नेपाल के ईनरवा रेलवे स्टेशन पर मौजूद डिब्बों को भी सुरक्षित रूप से जयनगर पहुंचा दिया गया है। रेलवे प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
सुरक्षा एजेंसियों से व्यवस्था की मांग
नेपाल रेलवे ने रेल परिसरों और ट्रेनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) को पत्र भेजकर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब अशांति के कारण सेवाएं प्रभावित हुई हैं। इससे पहले नेपाल में हुए जेन-जी आंदोलन के दौरान भी एहतियात के तौर पर रेल परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया था।
Read More
आपके नाम पर कहीं कोई और तो नहीं चला रहा SIM? घर बैठे 2 मिनट में करें चेक, फर्जी नंबर तुरंत होगा बंद

