ओडिशा(Odisha Flood) के कई हिस्सों में लगातार हो रही तेज बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से ऊपर जा रहा है और कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने 70 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। प्रभावित लोगों के लिए 395 राहत शिविर भी तैयार किए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, बालासोर, भद्रक, जाजपुर, मयूरभंज, कालाहांडी, कोरापुट, नबरंगपुर, मलकानगिरि, क्योंझर, नयागढ़, कंधमाल, बोलांगीर और जगतसिंहपुर समेत 13 जिलों में अचानक बाढ़ और जलभराव की स्थिति सामने आई है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी रविवार, 27 सितंबर को दक्षिण ओडिशा के बारिश से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इस दौरान प्रभावित इलाकों और मौजूदा हालात का जायजा लिया जाएगा।
बालासोर में स्थिति गंभीर
तटीय जिले बालासोर में बाढ़ का असर सबसे ज्यादा दिखाई दे रहा है। यहां सुवर्णरेखा समेत तीन प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। शाम पांच बजे जलेश्वर के राजघाट में सुवर्णरेखा का जलस्तर 11.07 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का स्तर 10.36 मीटर है।
इसके चलते भोगराई, जलेश्वर, बालीपाल और बस्ता प्रखंडों के कई गांव प्रभावित हुए हैं। बुधबलंग नदी भी गोविंदपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-16 के पास 8.8 मीटर के स्तर पर बह रही थी। इसके अलावा कंसाबांसा, सोआ और गंगाहार नदियों में भी पानी बढ़ा हुआ है।
देवकुंड पर्यटन स्थल अस्थायी रूप से बंद
मयूरभंज में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सिमिलिपाल राष्ट्रीय उद्यान के अधिकारियों ने देवकुंड पर्यटन स्थल को फिलहाल बंद कर दिया है। कई जलधाराओं और नालों में पानी बढ़ने के साथ वहां जाने वाले रास्ते के कुछ पुल और पुलियां भी बह गई हैं।
बुधबलंग नदी का पानी बारीपदा नगरपालिका के कुछ हिस्सों के साथ कई प्रखंडों में पहुंच गया है। प्रशासन लोगों से सतर्क रहने और प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील कर रहा है।