नॉर्थ कोरिया ने गुरुवार, 20 अगस्त को एक बार फिर मिसाइल परीक्षण कर अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान की चिंता बढ़ा दी है। दक्षिण कोरिया और जापान के अधिकारियों के मुताबिक, प्योंगयांग ने पूर्वी तटीय शहर वोनसान से 10 से ज्यादा शॉर्ट-रेंज बैलिस्टिक मिसाइलें जापान सागर यानी ईस्ट सी की ओर दागीं। शुरुआती जानकारी के अनुसार मिसाइलों ने करीब 300 किलोमीटर की दूरी तय की।
जापान और दक्षिण कोरिया ने की पुष्टि
जापान के रक्षा मंत्रालय ने सबसे पहले एक संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल के प्रक्षेपण का पता लगाया। इसके बाद दक्षिण कोरियाई अधिकारियों ने भी कई मिसाइल लॉन्च किए जाने की पुष्टि की। जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि एक संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल समुद्र में गिर चुकी है। वहीं दक्षिण कोरिया की सेना ने निगरानी बढ़ा दी है और अमेरिका तथा जापान के साथ संबंधित सूचनाएं साझा की जा रही हैं। दक्षिण कोरिया की सुरक्षा परिषद की आपात बैठक भी बुलाई गई। अधिकारियों ने उत्तर कोरिया से ऐसे प्रक्षेपण रोकने की अपील की और कहा कि इस तरह के मिसाइल परीक्षण संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के खिलाफ हैं।
सैन्य अभ्यास के बीच परीक्षण
उत्तर कोरिया का यह मिसाइल परीक्षण अमेरिका और दक्षिण कोरिया के संयुक्त उलची फ्रीडम शील्ड सैन्य अभ्यास के बीच हुआ है। यह अभ्यास इसी सप्ताह शुरू हुआ है। प्योंगयांग लंबे समय से अमेरिका-दक्षिण कोरिया के संयुक्त सैन्य अभ्यासों का विरोध करता रहा है। उत्तर कोरिया इन अभ्यासों को अपने खिलाफ संभावित सैन्य कार्रवाई की तैयारी के तौर पर देखता है। ऐसे अभ्यासों के दौरान वह अक्सर मिसाइल और अन्य हथियारों का परीक्षण बढ़ा देता है।
करीब 300 किलोमीटर तक गईं मिसाइलें
दक्षिण कोरियाई सैन्य अधिकारियों के अनुसार, मिसाइलों को स्थानीय समय के मुताबिक शाम करीब 5 बजे वोनसान क्षेत्र से दागा गया। इनका प्रक्षेपण पूर्वी समुद्र की दिशा में हुआ और उन्होंने लगभग 300 किलोमीटर की दूरी तय की। शॉर्ट-रेंज बैलिस्टिक मिसाइलें मुख्य रूप से क्षेत्रीय लक्ष्यों को निशाना बनाने के लिए इस्तेमाल की जा सकती हैं। इनकी क्षमता दक्षिण कोरिया और जापान के लिए सुरक्षा चिंता का विषय बनी हुई है।
Read More
24 अगस्त से लागू होंगे नए नियम, 9 SIM की सीमा पार होने पर नहीं मिलेगा 10वां SIM

