नोएडा के सेक्टर-66 स्थित मामूरा गांव में बुधवार को पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लगने की खबर सामने आई है। इस हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई है जबकि कई लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया है। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण इलेक्ट्रिक स्कूटी की चार्जिंग बताई जा रही है। चार्जिंग के दौरान निकली चिंगारी ने पास खड़े पेट्रोल वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया जिससे आग तेजी से फैल गई।
इस घटना के बाद फायर विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि जिस इमारत में आग लगी उसमें 50 से अधिक कमरे थे। आग की गंभीरता को देखते हुए फायर विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।
कितने लोगों का किया गया रेस्क्यू ?
आग लगने के बाद इमारत में फंसे लोगों को निकालने के लिए बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया गया। सामने वाली बिल्डिंग से सीढ़ियों की मदद लेकर 100 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में झुलसे कुछ लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग के अधिकारी, डीसीपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच के आधार पर इमारत के मालिक को हिरासत में लिया गया है। प्रशासन अब आग लगने के सही कारणों और सुरक्षा मानकों की जांच कर रहा है ताकि हादसे की पूरी वजह सामने आ सके।