WhatsApp ने अपने यूजर्स के लिए बड़ा अपडेट जारी किया है। काफी समय के बाद अब WhatsApp Web पर भी ऑडियो और वीडियो कॉलिंग की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। अब यूजर्स को कंप्यूटर से कॉल करने के लिए अलग से डेस्कटॉप ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी। इसके साथ ही कंपनी ने कॉल ट्रांसफर, ग्रुप कॉल के लिए वेटिंग रूम और बैकग्राउंड नॉइस सप्रेशन जैसे कई नए फीचर्स भी पेश किए हैं।
अब सीधे WhatsApp Web से कर सकेंगे कॉल
अब तक कंप्यूटर पर व्हाट्सऐप के जरिए ऑडियो या वीडियो कॉल करने के लिए डेस्कटॉप एप्लिकेशन का इस्तेमाल करना पड़ता था। नए अपडेट के बाद यूजर सीधे WhatsApp Web से ही कॉल कर सकेंगे। कंपनी के मुताबिक, इस फीचर को सभी यूजर्स तक धीरे-धीरे पहुंचाया जा रहा है। इससे पहले जून में यह सुविधा ग्रुप चैट के लिए शुरू की गई थी और अब वन-टू-वन चैट में भी उपलब्ध कराई जा रही है। वेब कॉलिंग के साथ यूजर्स को स्क्रीन शेयरिंग, रिएक्शन, डेडिकेटेड कॉल टैब, बिना समय सीमा की कॉल, मुफ्त ऑडियो-वीडियो कॉल और एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।
कॉल ट्रांसफर से नहीं टूटेगी बातचीत
व्हाट्सऐप ने नया Call Transfer फीचर भी लॉन्च किया है। इसकी मदद से यूजर चल रही कॉल को एक डिवाइस से दूसरे डिवाइस पर आसानी से ट्रांसफर कर सकेंगे। पहले अगर कोई यूजर मोबाइल पर कॉल कर रहा होता था और उसे डेस्कटॉप पर शिफ्ट करना होता था, तो कॉल काटकर दोबारा शुरू करनी पड़ती थी। अब बिना कॉल डिस्कनेक्ट किए बातचीत को दूसरे डिवाइस पर जारी रखा जा सकेगा।
ग्रुप कॉल में मिलेगा वेटिंग रूम का विकल्प
कंपनी ने ग्रुप कॉल के लिए Waiting Room फीचर भी जोड़ा है। अब कोई भी नया सदस्य सीधे कॉल में शामिल नहीं होगा। पहले वह वेटिंग रूम में पहुंचेगा, जिसके बाद कॉल होस्ट तय करेगा कि उसे कॉल में शामिल करना है या नहीं। यह फीचर Google Meet और Zoom की तरह काम करेगा और ग्रुप कॉल पर बेहतर नियंत्रण देने में मदद करेगा।
Read More
टेलीग्राम के संस्थापक पावेल दुरोव पर रूस का बड़ा एक्शन, इंटरनेशनल वॉन्टेड लिस्ट में डाला

