HomeBreaking Newsअयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट को मिलेगा नया सचिव, जगदीश आफले के नाम...

अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट को मिलेगा नया सचिव, जगदीश आफले के नाम पर 2 सितंबर को लगेगी मुहर

अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जगदीश आफले को नया सचिव नियुक्त किया है। आपको बता दें कि नए सचिव चुने गए जगदीश आफले मंदिर(Ayodhya Ram Mandir) निर्माण के प्रोजैक्ट में शुरुआत से ही जुड़े रहे थे इसके साथ ही उन्होंने कुछ समय तक बिना वेतन के भी पूरी लगन के साथ काम किया था। मैनेजर और पेशे से इंजीनियर आफले ट्रस्ट के पहले सचिव होंगे। CEO की नियुक्ति में हो रही देरी को देखते हुए ट्रस्ट ने सचिव का नया पद बनाया है।

जगदीश आफले को ट्रस्ट का अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता भी बनाया गया है और उनका नाम बैंक संचालन के लिए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को भेजा गया है। चंदा विवाद के बाद ट्रस्ट की व्यवस्था में बदलाव की जरूरत महसूस की गई थी। इसके बाद महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे के बाद नई जिम्मेदारियां तय की गईं। उनकी नियुक्ति पर अंतिम मुहर 2 सितंबर की बैठक में लगेगी।

कर्मचारियों के वेतन का संकट हुआ खत्म

कुछ समय पहले ट्रस्ट में अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी, जिसके कारण बैंक खाते के संचालन में दिक्कतें आ रही थीं। इसका असर ट्रस्ट से जुड़े कर्मचारियों के वेतन और कई एजेंसियों के भुगतान पर भी पड़ा था।

अब नई व्यवस्था लागू होने के बाद बैंक खातों का संचालन फिर से शुरू हो गया है। इससे ट्रस्ट के प्रशासनिक कामकाज को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

बिना वेतन के संभाली थी मंदिर की जिम्मेदारी

जगदीश आफले लंबे समय से राम मंदिर निर्माण कार्य से जुड़े रहे हैं। उन्होंने मंदिर निर्माण शुरू होने के बाद प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में बिना वेतन के अपनी सेवाएं दीं। वह मूल रूप से महाराष्ट्र के पुणे से हैं और पेशे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं।

उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मुंबई से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक और एमटेक की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने कई बड़ी कंपनियों में काम किया और विदेशों में भी सेवाएं दीं। बाद में वह अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से जुड़ गए।

अब CEO और प्रवक्ता की नियुक्ति बाकी

सचिव पद पर नियुक्ति के बाद अब ट्रस्ट में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रवक्ता की नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। ट्रस्ट के अधिकारियों के मुताबिक, CEO के चयन में समय लग रहा था इसलिए प्रशासनिक कामों को बेहतर तरीके से चलाने के लिए सचिव पद बनाया गया है। जगदीश आफले की नियुक्ति को ट्रस्ट की कार्यप्रणाली को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें : टेलीग्राम के संस्थापक पावेल दुरोव पर रूस का बड़ा एक्शन, इंटरनेशनल वॉन्टेड लिस्ट…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments