ओटीटी दुनिया की दिग्गज कंपनी Netflix के सह-संस्थापक रीड हेस्टिंग्स ने इस्तीफा देने का ऐलान किया है। कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, जून में चेयरमैन पद का उनका कार्यकाल समाप्त होने के बाद वह बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स से भी अलग हो जाएंगे। रीड हेस्टिंग्स का यह फैसला नेटफ्लिक्स के लिए बड़ा बदलाव माना जा रहा है, क्योंकि कंपनी की स्थापना से लेकर वैश्विक विस्तार तक उनकी अहम भूमिका रही है।
2023 में छोड़ा था CEO पद
रीड हेस्टिंग्स इससे पहले साल 2023 में नेटफ्लिक्स के CEO पद से हटे थे। उस समय भी उनके फैसले ने उद्योग जगत में काफी चर्चा बटोरी थी। अब चेयरमैन पद छोड़ने के साथ ही कंपनी में उनकी औपचारिक भूमिका भी समाप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि Netflix में उनका सबसे बड़ा योगदान कोई एक फैसला नहीं, बल्कि काम करने के लिए ऐसा माहौल बनाना था, जो हमेशा ग्राहकों की संतुष्टि और नवाचार पर केंद्रित रहे।
1997 में हुई थी Netflix की शुरुआत
रीड हेस्टिंग्स ने साल 1997 में अपने मित्र और सह-संस्थापक मार्क रैंडोल्फ के साथ नेटफ्लिक्स की शुरुआत की थी। शुरुआती दौर में कंपनी डीवीडी रेंटल सेवा देती थी, लेकिन बाद में यह दुनिया के सबसे बड़े वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स में शामिल हो गई। आज नेटफ्लिक्स वेब सीरीज, फिल्में, टीवी शो और डॉक्यूमेंट्रीज के लिए वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय है।
190 से ज्यादा देशों में मौजूदगी
Netflix वर्तमान में 190 से अधिक देशों में अपनी सेवाएं दे रहा है। भारत समेत दुनियाभर में इसके करोड़ों सब्सक्राइबर हैं। कंपनी सब्सक्रिप्शन मॉडल पर काम करती है, जहां यूजर्स मासिक शुल्क देकर कंटेंट देख सकते हैं। भारत में इसका शुरुआती प्लान विज्ञापन सहित उपलब्ध है, जबकि अलग-अलग डिवाइस और फीचर्स के आधार पर कई अन्य प्लान भी मौजूद हैं।
Read More
कानपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 48 घंटे में 750 आरोपी किए गिरफ्तार

