कानपुर में अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस ने व्यापक स्तर पर विशेष अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत सिर्फ 48 घंटे में 750 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बता दें कि इसमें कई ऐसे आरोपी शामिल हैं, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
कमिश्नर के निर्देश पर हुई कार्रवाई
यह अभियान पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के निर्देश पर शुरू किया गया। कानपुर कमिश्नरेट के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी और धरपकड़ की गई। अभियान मंगलवार से शुरू हुआ और लगातार 48 घंटे तक कार्रवाई जारी रही। पुलिस ने खासतौर पर वारंटी अपराधियों, फरार आरोपियों और पुराने मामलों में वांछित लोगों को निशाना बनाया।
225 आरोपी कोर्ट से भेजे गए जेल
जॉइंट पुलिस कमिश्नर विपिन टांडा ने बताया कि कुल 750 गिरफ्तारियों में से 225 आरोपियों को नॉन-बेलेबल वारंट (NBW) के तहत सीधे अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश के बाद इन्हें जेल भेज दिया गया। बाकी आरोपियों को संबंधित थानों में रखा गया है और उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कई आपराधिक मामले इसलिए लंबित थे क्योंकि आरोपी गिरफ्तारी से बच रहे थे। इस अभियान का उद्देश्य ऐसे मामलों को आगे बढ़ाना और कानून व्यवस्था मजबूत करना था। विशेष रूप से कानपुर के दक्षिणी क्षेत्र में बड़ी संख्या में फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इन्हें कोर्ट वारंट के आधार पर पकड़कर आगे की कार्रवाई के लिए पेश किया गया।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानपुर में इतने कम समय में इतनी बड़ी संख्या में गिरफ्तारी पहली बार हुई है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह के अभियान चलाए जाएंगे। जॉइंट पुलिस कमिश्नर ने साफ कहा कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून से भागने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
Read More
अमृतसर के अटारी विधानसभा क्षेत्र की सभी प्रमुख सड़कें शानदार बनेंगी, CM मान ने रखी आधारशिला

