उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव(Prateek Yadav) के निधन की खबर ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर पैदा कर दी है। बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत की सूचना सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अस्पताल पहुंचे और पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों से पूरी जानकारी ली।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शुरुआती तौर पर कार्डियक अरेस्ट को मौत की वजह बताया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, शरीर में खून का थक्का बनने के बाद संक्रमण बढ़ा, जिससे धमनियों और फेफड़ों पर असर पड़ा। इसी के चलते हार्ट अटैक जैसी स्थिति बनी और उनकी जान चली गई। हालांकि, चिकित्सकों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी बाकी है। इसी वजह से विसरा सुरक्षित रखा गया है और हृदय को भी आगे की जांच के लिए संरक्षित किया गया है।
पोस्टमार्टम की कराई गई वीडियोग्राफी
सूत्रों के मुताबिक, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में तीन विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की निगरानी में पूरी की गई। इस दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। रिपोर्ट में शरीर पर किसी प्रकार के संघर्ष या गंभीर बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। डॉक्टरों ने विस्तृत जांच के लिए चेस्ट एक्स-रे भी कराया।
बताया जा रहा है कि देर रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी थी। उनके करीबी सहयोगी और जिम पार्टनर स्वप्नेश पांडेय के मुताबिक, वह बेडरूम में गिर पड़े थे जिससे सिर में चोट आई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू
घटना के बाद परिवार और राजनीतिक जगत के कई बड़े नेता उनके आवास पहुंचे। अपर्णा यादव, डिंपल यादव, शिवपाल सिंह यादव और धर्मेंद्र यादव सहित परिवार के अन्य सदस्य सुबह से ही मौजूद रहे। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।
परिवार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे पिपरा घाट पर किया जाएगा। अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। अब सभी की नजर विसरा रिपोर्ट पर टिकी है जिससे मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।