HomeBreaking Newsमुंबई लोकल ट्रेन में छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती को दिया...

मुंबई लोकल ट्रेन में छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती को दिया धक्का, कटा हाथ, सिर पर लगे 16 टांके

मुंबई की लोकल ट्रेन(Mumbai local train) में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बोरीवली से विरार जा रही लोकल ट्रेन में एक युवती के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई। जब युवती ने इस हरकत का विरोध किया, तो आरोपी ने उसे नायगांव स्टेशन के पास ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया। इस हादसे में युवती को इतनी गंभीर चोटें आईं कि उसे अपना बायां हाथ गंवाना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, युवती बोरीवली से विरार जाने वाली लोकल ट्रेन में सफर कर रही थी।

इसी दौरान उसके साथ यात्रा कर रहे एक व्यक्ति ने कथित तौर पर उसे गलत तरीके से छूने की कोशिश की। युवती ने आरोपी की इस हरकत का विरोध किया और इसे बैड टच बताया। आरोपी की हरकत से नाराज होकर युवती ने अपनी चप्पल उसकी तरफ फेंक दी। इसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। ट्रेन में मौजूद कुछ यात्रियों ने मामले को शांत कराने की कोशिश भी की, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि आरोपी ने भी गुस्से में युवती की तरफ चप्पल फेंकी और उसके साथ गाली-गलौज की।

नायगांव स्टेशन पर दिया ट्रेन से धक्का

विवाद के दौरान जब लोकल ट्रेन नायगांव स्टेशन पर पहुंची, तब आरोपी ने कथित तौर पर युवती को धक्का दे दिया। इसके कारण वह दो डिब्बों के बीच की खाली जगह में रेलवे ट्रैक पर जा गिरी।

युवती ने किसी तरह वापस प्लेटफॉर्म पर चढ़ने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी। हादसे में उसका बायां हाथ ट्रेन के पहियों के नीचे आ गया। चोट इतनी गंभीर थी कि डॉक्टरों को कोहनी के पास से उसका हाथ काटना पड़ा। इसके अलावा उसके सिर पर भी गंभीर चोटें आईं और 16 टांके लगाने पड़े।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस अधिकारी और कुछ यात्रियों ने युवती को प्लेटफॉर्म पर पहुंचाने में मदद की। वहीं, आरोपी ने इस अफरा-तफरी का फायदा उठाया और मौका देखते ही वहां से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया और कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 

यह भी पढ़ें : BJP मुख्यालय में दीवाली मिलन समारोह में PM मोदी हुए शामिल, बोले- न्यूज की तरह जिंदगी…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments