HomeBreaking NewsBJP मुख्यालय में दीवाली मिलन समारोह में PM मोदी हुए शामिल, बोले-...

BJP मुख्यालय में दीवाली मिलन समारोह में PM मोदी हुए शामिल, बोले- न्यूज की तरह जिंदगी में भी जरूरी है डेडलाइन, 2047 तक विकसित भारत बनाने का दिया लक्ष्य

PM Modi Diwali Milan Event: PM नरेंद्र मोदी गुरुवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए उनके काम, समर्पण और बदलती पत्रकारिता पर अपने विचार रखे।

पीएम मोदी ने कहा कि जिस तरह न्यूज की दुनिया में डेडलाइन बेहद जरूरी होती है, उसी तरह जिंदगी में भी समय सीमा का विशेष महत्व है। उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा कि इस दिशा में लगातार छोटे-बड़े चरणों में काम करना होगा। इसके साथ ही उन्होंने मीडिया से देश की उपलब्धियों और सकारात्मक कहानियों को दुनिया तक पहुंचाने की अपील की।

गुजरात का CM बनने की खबर पत्रकारों को पहले मिली

पीएम मोदी ने पत्रकारों के साथ अपने पुराने रिश्तों को याद करते हुए 2001 का एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि उस समय वह 11 अशोका रोड स्थित अपने कमरे में रहते थे। एक दिन कुछ पत्रकार अचानक उनके कमरे में पहुंच गए और मजाकिया अंदाज में उनका गला पकड़कर मिठाई खिलाने की मांग करने लगे।

जब उन्होंने मिठाई की वजह पूछी, तो पत्रकारों ने बताया कि वह गुजरात के मुख्यमंत्री बन गए हैं। मोदी ने कहा कि उन्हें खुद इस बात की जानकारी नहीं थी, लेकिन पत्रकारों को पहले ही इसकी खबर मिल गई थी।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों के साथ उनका रिश्ता केवल खबरों तक सीमित नहीं रहा। 2001 में उनके शपथ ग्रहण समारोह में भी कई पत्रकार अपने खर्चे पर पहुंचे थे। यह उनके बीच मौजूद दोस्ती और अपनेपन को दर्शाता है।

आपदाओं में पत्रकारों के साहस की सराहना

प्रधानमंत्री ने पत्रकारों के समर्पण और काम के प्रति उनकी जिम्मेदारी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि भूकंप और बाढ़ जैसी आपदाओं के दौरान जब लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भाग रहे होते हैं, तब पत्रकार अपनी जान जोखिम में डालकर घटनास्थल पर पहुंचते हैं। कई बार वे परिवार की चिंता छोड़कर मुश्किल परिस्थितियों में भी खबरें पहुंचाने का काम करते हैं। उनका यह जज्बा सराहनीय है।

2047 तक विकसित भारत बनाने की डेडलाइन

पीएम मोदी ने पत्रकारिता में समय सीमा की अहमियत समझाते हुए कहा कि डेडलाइन से काम की प्राथमिकताएं तय होती हैं और काम करने की गति बढ़ती है। इसी तरह देश के सामने भी 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए आखिरी साल तक इंतजार नहीं किया जा सकता, बल्कि इसे छोटे-छोटे चरणों में बांटकर लगातार आगे बढ़ना होगा।

भारत की उपलब्धियों का किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने देश की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत दुनिया के प्रमुख मोबाइल फोन निर्माता देशों में शामिल हो चुका है। चिनाब नदी पर दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल बनाया गया है। भारत ने दुनिया के सबसे बड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम में अपनी जगह बनाई है और दुनिया का सबसे बड़ा यूपीआई भुगतान तंत्र भी तैयार किया है।

उन्होंने बताया कि देश में 4 करोड़ परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने, 3 करोड़ लखपति दीदियां बनाने और 12 करोड़ घरों में शौचालय निर्माण जैसे लक्ष्य हासिल किए गए हैं। इसके अलावा देश का रेल नेटवर्क पूरी तरह विद्युतीकृत हो चुका है।

भारत की सफलता की कहानियां दुनिया तक पहुंचाए मीडिया

पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी में संचार सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरा है। भारत के पास सस्ता डेटा और दुनिया के सामने अपनी उपलब्धियां रखने के लिए कई प्रेरणादायक कहानियां हैं। उन्होंने मीडिया से भारतीय प्रतिभाओं, सफल लोगों और उनकी उपलब्धियों को अधिक जगह देने की अपील की। प्रधानमंत्री के मुताबिक, भारत की सफलता की कहानियों को दुनिया तक पहुंचाना भी देश सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

नशे और डीपफेक जैसे मुद्दों पर जागरूकता की अपील

प्रधानमंत्री ने मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए जागरूकता फैलाना जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने स्वच्छता, डीपफेक, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव जैसे विषयों को भी मीडिया की चर्चाओं में पर्याप्त जगह देने की अपील की। उन्होंने कहा कि मीडिया इन मुद्दों पर जनजागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

बदलते दौर के साथ बदला पत्रकारिता का स्वरूप

पीएम मोदी ने पत्रकारिता में आए तकनीकी बदलावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि फैक्स के दौर से लेकर इंस्टाग्राम रील तक मीडिया का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। पहले खबरों की कवरेज के लिए ओबी वैन का इस्तेमाल होता था, लेकिन अब मोबाइल फोन ही ओबी वैन की भूमिका निभा रहा है। ऐसे में पत्रकारिता के तौर-तरीके बदले हैं, लेकिन खबरों को समय पर और जिम्मेदारी के साथ लोगों तक पहुंचाने का महत्व आज भी बरकरार है।

Read More:

गुड़ की खीर से लेकर दाल चावल तक… छठ पूजा पर हर किसी के यहां अलग-अलग है खरना प्रसाद की परंपरा, क्या बनता है आपके घर?

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments