छठ महापर्व पर घर जाने वाले श्रद्धालुओं और व्रतियों की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों के साथ पर्व की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) को दिल्ली से पूर्वांचल के विभिन्न जिलों के लिए अतिरिक्त बसें चलाने का निर्देश दिया। साथ ही साफ चेतावनी दी कि त्योहार के दौरान यात्रियों से तय किराये से अधिक वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
15 नवंबर को पहला और 16 नवंबर को दूसरा अर्घ्य
छठ पर्व के दौरान 15 नवंबर, रविवार की शाम व्रती डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे। इसके अगले दिन 16 नवंबर, सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे के कठिन व्रत का पारण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, आजमगढ़, चंदौली, भदोही, लखीमपुर खीरी, गाजीपुर, लखनऊ, गाजियाबाद, बस्ती और कानपुर नगर समेत कई जिलों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस पर्व में शामिल होते हैं। ऐसे में घाटों और पूजा स्थलों पर सुरक्षा तथा सुविधाओं के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।
पुलिस और CCTV से होगी निगरानी
योगी आदित्यनाथ ने नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों के जलस्तर और गहराई का पहले से आकलन करने के निर्देश दिए हैं। खतरनाक और गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां मजबूत बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे। घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोर, नावें और वॉटर पुलिस तैनात रहेंगी। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रमुख घाटों पर 24 घंटे CCTV कैमरों और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए निगरानी की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती होगी। इसके अलावा घाटों पर कपड़े बदलने के कमरे, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त शौचालय और रोशनी की व्यवस्था करने को कहा गया है। बिजली गुल होने की स्थिति में पेट्रोमैक्स और जनरेटर जैसे वैकल्पिक इंतजाम भी रहेंगे। हर जिले में केंद्रीय कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।
जाम से बचने के लिए रूट डायवर्जन
मुख्यमंत्री योगी ने घाटों तक पहुंचने वाले प्रमुख रास्तों पर यातायात सुचारू रखने के लिए पहले से रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने और वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित करने के निर्देश दिए हैं। प्रमुख पूजा स्थलों पर प्राथमिक चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। यहां डॉक्टरों की टीम और एंबुलेंस भी तैनात रहेंगी, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत इलाज मिल सके। व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सिविल डिफेंस, NCC और NSS के स्वयंसेवकों की मदद भी ली जाएगी। मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ संवेदनशील और सहयोगपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि छठ के दौरान किसी भी श्रद्धालु को परिवहन, सुरक्षा या बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परेशानी न हो।
Read More
बाल दिवस पर CM योगी का खास संदेश, बोले- हर बच्चे के चेहरे पर मुस्कान और साकार सपने ही हमारा संकल्प

