बाल दिवस के मौके पर देशभर में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और उनके अधिकारों को लेकर संदेश दिए जा रहे हैं। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ(CM Yogi), उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कई अन्य नेताओं ने बच्चों को शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने अपने संदेशों में बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और प्रतिभा को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बाल दिवस की बधाई दी।
उन्होंने कहा कि बच्चे देश की उम्मीद और आने वाले समय की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनके मुताबिक, हर बच्चे को सुरक्षित माहौल, बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना जरूरी है। CM योगी ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश की डबल इंजन सरकार बच्चों को अच्छी शिक्षा और उनके सपनों को पूरा करने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने संकल्प जताया कि हर बच्चे के चेहरे पर मुस्कान हो, उसकी प्रतिभा को पहचान मिले और उसके सपने पूरे हों।
CM धामी ने बच्चों को बताया देश की उम्मीद
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रदेशवासियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बच्चों के सपनों में देश के बेहतर भविष्य की तस्वीर दिखाई देती है। उनकी मुस्कान एक खुशहाल समाज की पहचान है।
सीएम धामी ने कहा कि उनकी सरकार बच्चों को सुरक्षित, स्वस्थ और शिक्षित बनाने के लिए काम कर रही है। इसके तहत अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, पोषण, छात्रवृत्ति और प्रतिभा विकास के अवसर उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जा रहा है।
अन्य नेताओं ने भी दिया बच्चों के विकास का संदेश
केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने बच्चों को समाज की अनमोल पूंजी बताते हुए उनके लिए बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षित बचपन सुनिश्चित करने की अपील की। वहीं, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बच्चों को विकसित भारत की मजबूत नींव बताया।
उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनके सपनों को आगे बढ़ाने के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण तैयार करना जरूरी है। बाल दिवस पर सभी नेताओं के संदेशों में बच्चों की खुशहाली, बेहतर भविष्य और सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देने की बात सामने आई।