पंजाब विधानसभा चुनाव से करीब छह महीने पहले BJP ने मालवा की राजनीति में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश तेज कर दी है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के चचेरे भाई और उनके लंबे समय तक राजनीतिक सलाहकार रहे मेजर भूपिंदर सिंह ढिल्लों बादल सोमवार को BJP में शामिल हो गए। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में पंजाब BJP अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। मेजर भूपिंदर सिंह ढिल्लों बादल करीब 25 साल तक प्रकाश सिंह बादल के राजनीतिक सचिव रहे। 1994 से वह चुनाव अभियानों में सक्रिय रहे और लांबी क्षेत्र में भी लगातार काम करते रहे। उनके BJP में आने से पार्टी को मालवा में पुराने अकाली संपर्कों और स्थानीय राजनीतिक नेटवर्क का फायदा मिलने की उम्मीद है।
अकाली सरकार में रह चुके हैं राज्य मंत्री
मेजर भूपिंदर सिंह ढिल्लों का लांबी विधानसभा क्षेत्र से पुराना जुड़ाव रहा है। वह 1997 से 2002 के बीच अकाली सरकार में राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। प्रकाश सिंह बादल के साथ लंबे समय तक काम करने के कारण क्षेत्र में उनकी अपनी पहचान बनी हुई है। उनका परिवार भी अकाली राजनीति से जुड़ा रहा है। उनके पिता स्वर्गीय गुरराज सिंह ढिल्लों बादल 1952 से 1958 तक शिरोमणि अकाली दल की ओर से राज्यसभा सांसद रहे। बताया जाता है कि प्रकाश सिंह बादल की शुरुआती राजनीतिक यात्रा में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
1971 के युद्ध में भी लिया था हिस्सा
राजनीति में आने से पहले मेजर भूपिंदर सिंह ढिल्लों भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में हिस्सा लिया था। वर्ष 1988 तक सेना में सेवा देने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा। इसके बाद चुनाव अभियानों और लांबी क्षेत्र की राजनीति में उनकी सक्रियता बनी रही। मालवा को पंजाब की सियासत में बेहद अहम माना जाता है और लांबी लंबे समय तक बादल परिवार का मजबूत राजनीतिक केंद्र रहा है। ऐसे में प्रकाश सिंह बादल के करीबी रिश्तेदार और लंबे समय तक राजनीतिक सहयोगी रहे मेजर भूपिंदर सिंह ढिल्लों का भाजपा में शामिल होना चुनाव से पहले महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।
Read More


[…] पंजाब चुनाव से पहले बादल परिवार को बड़… […]
[…] पंजाब चुनाव से पहले बादल परिवार को बड़… […]
[…] पंजाब चुनाव से पहले बादल परिवार को बड़… […]