पंजाब के तरनतारन जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अफ्रीकी महिला को गिरफ्तार किया है। सुरक्षाबलों ने महिला के कब्जे से 3 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने महिला को एक वैगनार कार समेत पकड़ा है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
गुप्त सूचना के बाद जिले में अलर्ट
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक विदेशी महिला सीमावर्ती इलाके से हेरोइन की खेप लेने आने वाली है। इनपुट मिलते ही SSP सुरिंदर लांबा ने जिलेभर में अलर्ट जारी कर दिया और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कराई गई। इसी दौरान बाईपास इलाके में नाकाबंदी के दौरान सुरक्षाबलों ने उत्तर प्रदेश नंबर की एक वैगन आर कार को रोककर तलाशी ली।
कार की तलाशी में मिला नशीला पदार्थ
पुलिस के मुताबिक, कार एक महिला चला रही थी। जांच के दौरान वाहन से 3 किलो हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार महिला की पहचान बेला के रूप में हुई है, जो नाइजीरिया के डेल्टा स्टेट के जोम्बा क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल महिला दिल्ली के संडे बाजार इलाके में रह रही थी।
नौकरी के लिए आई थी भारत
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला रोजगार के सिलसिले में भारत आई थी, लेकिन बाद में ड्रग तस्करी के नेटवर्क में शामिल हो गई। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि महिला का संबंध किन तस्करों से था और वह पहले भी पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों से कितनी बार हेरोइन की खेप ले चुकी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामले को लेकर दोपहर में SSP सुरिंदर लांबा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं, जिसमें पूरे नेटवर्क और गिरफ्तारी से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी साझा की जाएगी।
Read Miore
ED की छापेमारी के बाद पंजाब की सियासत में आया भूचाल, कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा गिरफ्तार

