Delhi Crime Branch Arrests Illegal Arms Supplier: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 42 साल के गुफरान पुत्र खुर्शीद के रूप में हुई है, जो मेरठ का रहने वाला है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज था।
रोहिणी कोर्ट ने घोषित किया था अपराधी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रोहिणी कोर्ट ने 2 फरवरी 2026 को गुफरान को घोषित अपराधी करार दिया था। इसके बाद से दिल्ली पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आरोपी बार-बार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आखिरकार क्राइम ब्रांच ने उसे पकड़ लिया।
2025 में हथियार बरामद होने के बाद खुला था मामला
इस पूरे मामले की शुरुआत 2 मार्च 2025 को हुई थी। उस दौरान केएनके मार्ग थाना पुलिस ने बागपत निवासी गौरव नाम के युवक को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उसके पास से दो अवैध पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। पूछताछ में गौरव ने खुलासा किया कि ये हथियार मेरठ निवासी गुफरान और उसके भाई अहसान ने सप्लाई किए थे।
लगातार ठिकाने बदल रहे थे आरोपी
गौरव के खुलासे के बाद पुलिस ने गुफरान और उसके भाई अहसान की तलाश शुरू कर दी थी। हालांकि दोनों आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे, जिससे पुलिस को उन्हें पकड़ने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस टीम लंबे समय से दोनों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी।
टेक्निकल सर्विलांस से मिली बड़ी कामयाबी
हाल ही में दिल्ली क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि गुफरान मेरठ जिले के दादरी गांव में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। जानकारी पक्की होने के बाद पुलिस टीम ने गांव के आसपास जाल बिछाया और 8 मई 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि गुफरान अब तक कितने लोगों को अवैध हथियार सप्लाई कर चुका है और उसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस उसके भाई अहसान और अन्य सहयोगियों की तलाश में भी लगातार छापेमारी कर रही है।
Read More:

