हरियाणा के नूंह जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिरोजपुर झिरका इलाके में पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 607 किलो 500 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया है। बता दें कि बरामद किए गए पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, तस्करों ने चूरा पोस्त को बेहद चालाकी से प्याज के कट्टों के नीचे छिपा रखा था, ताकि किसी को शक न हो। हालांकि, नाकाबंदी के दौरान पुलिस की सतर्कता के चलते पूरा मामला उजागर हो गया।
नाकाबंदी के दौरान पकड़ी गई संदिग्ध गाड़ी
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली-अलवर रोड पर गांव नसीरबास के पास पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन गाड़ी रुकते ही उसमें सवार दो युवक भागने की कोशिश करने लगे। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के भालपुर निवासी गुरदीप सिंह और नौगांव थाना क्षेत्र के मंडापुर निवासी सतपाल के रूप में हुई। दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।
प्याज की आड़ में छिपाया गया था नशीला पदार्थ
जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो सबसे ऊपर प्याज से भरे 45 कट्टे रखे मिले। इनके नीचे प्लास्टिक के 30 कट्टों में भारी मात्रा में चूरा पोस्त छिपाकर रखा गया था। जांच के दौरान सभी कट्टों का वजन कराया गया, जिसमें कुल 607 किलो 500 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह खेप राजस्थान के अलवर से दिल्ली ले जाई जा रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मादक पदार्थ और पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह गिरोह कब से सक्रिय था और अब तक कितनी बार इस तरह नशीले पदार्थ की सप्लाई की जा चुकी है।
Read More
IPL2026: सबसे ज्यादा Dot फेंकने वाले Top-5 गेंदबाज में 3 भारतीय, जानें No.1 पर किसका कब्ज़ा?

