पंजाब के फरीदकोट जिले में पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए एक बड़ी आपराधिक वारदात को टाल दिया है। फरीदकोट पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से आधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
गश्त के दौरान मिली सफलता
पुलिस के अनुसार, SSP डॉ. जैन के निर्देशों पर जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत CIA स्टाफ जैतो की टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव राऊवाला के श्मशान घाट के पास एक संदिग्ध युवक को काबू किया। ASI जसवीर सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 9 एमएम की ग्लॉक पिस्टल, एक मैगजीन और 3 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार युवक की पहचान राज पुत्र बोहड़ नाथ, निवासी आवा बस्ती (फिरोजपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना बाजाखाना में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। DSP (डी) अवतार सिंह राजपाल ने बताया कि शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। इसे देखते हुए पुलिस ने उसे अदालत से दो दिन के रिमांड पर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह हथियार उसे कहां से मिला और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
Read More
IIIT नागपुर में दर्दनाक घटना, 9वीं मंजिल से कूदकर छात्र ने दी जान, एग्जाम प्रेशर पर उठे बड़े सवाल

