Fire at China Fireworks Factory: चीन के हुनान प्रांत में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने बड़े हादसे का रूप ले लिया। इस धमाके में 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 61 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिए गए।
सोमवार शाम हुआ हादसा
समाचार एजेंसी के मुताबिक यह विस्फोट सोमवार शाम को हुआ। घटना के बाद से सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें दूर-दूर तक फैले धुएं के गुबार और ढही हुई इमारतें दिखाई दे रही हैं। हालांकि, इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।
इस फैक्ट्री में हुआ ब्लास्ट
रिपोर्ट के अनुसार, धमाका हुआशेंग फायरवर्क्स मैन्युफैक्चरिंग एंड डिस्प्ले कंपनी में हुआ। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि फैक्ट्री के आसपास का बड़ा इलाका इसकी चपेट में आ गया।
धमाके का दूर-दूर तक दिखा असर
धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आसपास के गांवों में घरों के दरवाजे और खिड़कियां तक टूट गईं। सड़कों पर बड़े-बड़े पत्थरों और मलबे का ढेर लग गया। सुरक्षा कारणों से कई ग्रामीणों ने अपने घर खाली कर दिए और सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।
राष्ट्रपति ने दिए जांच के आदेश
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इस हादसे को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विस्फोट के कारणों का पता लगाया जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सुरक्षा बढ़ाने पर दिया जोर
राष्ट्रपति ने प्रमुख उद्योगों में सुरक्षा जोखिमों की व्यापक जांच करने, आपदा प्रबंधन को मजबूत करने और सार्वजनिक सुरक्षा बढ़ाने पर जोर दिया है। साथ ही, लापता लोगों की तलाश और घायलों के इलाज में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बचाव कार्यों में जुटी टीमें
घटना के बाद चीन के आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने मौके पर एक विशेष टीम भेजी है, जो राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर रही है। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर रहे हैं ताकि किसी संभावित दूसरे विस्फोट को रोका जा सके। इसके अलावा, मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए तीन बचाव रोबोट भी तैनात किए गए हैं। इस मामले में लियुयांग पुलिस ने जांच के तहत फैक्ट्री के वरिष्ठ अधिकारियों को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश की जा रही है कि हादसा किन कारणों से हुआ।
Read More:
IIIT नागपुर में दर्दनाक घटना, 9वीं मंजिल से कूदकर छात्र ने दी जान, एग्जाम प्रेशर पर उठे बड़े सवाल

