अलीगढ़ जिले की चंडौस थाना पुलिस ने संरक्षित पशु के मांस की तस्करी के मामले में खुर्जा निवासी कारोबारी अनवर हुसैन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अनवर हुसैन पूर्व केंद्रीय मंत्री सरवर हुसैन के भाई हैं। इस मामले में एक दिन पहले उनके कर्मचारी इस्लाम खान को भी गिरफ्तार किया गया था।
जनवरी में पकड़ी गई थी मांस से भरी गाड़ी
पुलिस के मुताबिक, 15 जनवरी 2026 की रात गोरक्षा दल के सदस्यों ने दौरई मोड़ और गभाना टोल प्लाजा के बीच एक लोडर वाहन को रोककर सूचना दी थी। वाहन से करीब 700 किलोग्राम से अधिक मांस बरामद हुआ था। उस समय चालक अशफाक और परिचालक इस्लाम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था और मांस के नमूने जांच के लिए मथुरा स्थित प्रयोगशाला भेजे गए थे।
लैब रिपोर्ट के बाद सामने आया नाम
अप्रैल में आई फोरेंसिक रिपोर्ट में बरामद मांस के संरक्षित पशु का होने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान खुर्जा निवासी अनवर हुसैन और उनके कर्मचारी इस्लाम खान की भूमिका सामने आई। इसके बाद इस्लाम खान को गुरुवार शाम गिरफ्तार किया गया, जबकि शुक्रवार सुबह अनवर हुसैन को उनके घर से हिरासत में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 और गोवध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
#Aligarhpolice
थाना चण्डौस पुलिस टीम द्वारा मु0अ0सं0 12/2026 धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम, 325/61(2) बीएनएस व 3/5/8 गोवध अधिनियम से संबंधित 02 अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के संबंध में- #UPPolice pic.twitter.com/IsaDOCYsSE— ALIGARH POLICE (@aligarhpolice) June 19, 2026

