अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने अवैध घुसपैठ के खिलाफ बड़े अभियान में शहर के अलग-अलग इलाकों से 290 से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में इनमें से 131 लोगों की पहचान अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के रूप में हुई है, जबकि करीब 160 अन्य लोगों से पूछताछ जारी है।
देर रात कई इलाकों में चला सर्च ऑपरेशन
क्राइम ब्रांच और अहमदाबाद पुलिस ने देर रात चंडोला, गुलाबनगर और खोडियारनगर समेत कई क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध दस्तावेजों और पहचान के आधार पर बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, अभियान के दौरान सभी व्यक्तियों के दस्तावेजों और नागरिकता संबंधी रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
दस्तावेजों का हो रहा सत्यापन
पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान और नागरिकता की पुष्टि के लिए विस्तार से पूछताछ की जा रही है। जिन लोगों के पास वैध दस्तावेज नहीं पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल 160 से अधिक संदिग्धों की जांच प्रक्रिया जारी है।
देशभर में तेज हुआ अवैध घुसपैठ विरोधी अभियान
केंद्र सरकार की ओर से अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और कार्रवाई पर जोर दिया जा रहा है। राष्ट्रीय सुरक्षा और संसाधनों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए कई राज्यों में सत्यापन अभियान चलाए जा रहे हैं। भारत-बांग्लादेश सीमा से जुड़े क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ाई गई है और सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त कदम उठाए जा रहे हैं।
Read More

