पंजाब(Punjab) में निकाय चुनावों से पहले प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पंजाब सरकार ने चार वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इन नियुक्तियों को प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और चुस्त बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
सरकारी आदेशों के मुताबिक, विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों और प्रशासनिक क्षेत्रों में फेरबदल किया गया है। जालंधर मंडल, स्वास्थ्य विभाग, लोक संपर्क विभाग और रूपनगर प्रशासन में नई तैनातियां की गई हैं।
किसको मिली क्या जिम्मेदारी ?
जारी सूची के मुताबिक IAS अधिकारी रामबीर को जालंधर मंडल का मंडल आयुक्त नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें जल आपूर्ति और स्वच्छता विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
इसी तरह आईएएस अधिकारी घनश्याम थोरी को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग का सचिव बनाया गया है। उन्हें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का मिशन निदेशक और चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग का अतिरिक्त जिम्मा भी सौंपा गया है।
आईएएस अधिकारी पुनित गोयल को लोक संपर्क विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है, साथ ही उन्हें निदेशक लोक संपर्क का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है। वहीं अंकशिता गुप्ता को रूपनगर में अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई है।
क्यों हुआ ये फेरबदल ?
प्रशासनिक जानकारों का मानना है कि यह फेरबदल आगामी निकाय चुनावों और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से किया गया है ताकि विभागीय कामकाज को और बेहतर तरीके से संचालित किया जा सके।