मध्य प्रदेश के सतना(Satna) शहर के कामता टोला इलाके में स्थित श्रीराम विला बिल्डिंग में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के साथ बिल्डिंग में फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया।
आग लगने के दौरान बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर कुछ बच्चे फंस गए थे। धुएं और आग के कारण वहां पहुंचकर बच्चों को निकालना बचाव दल के लिए चुनौतीपूर्ण था। बच्चों को सुरक्षित बाहर लाने के लिए प्रशासन ने लिफ्टर मशीन भी मौके पर मंगाई। दमकलकर्मियों ने आग और धुएं के बीच तीसरी मंजिल तक पहुंचने की कोशिश करते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। नगर निगम कमिश्नर नागार्जुन गौड़ा, सिटी एसडीएम राहुल सिलाड़िया और सीएसपी देवेंद्र सिंह चौहान समेत अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने दमकल टीम के साथ राहत और बचाव कार्य की निगरानी की। आसपास मौजूद लोगों को घटनास्थल से दूर रहने के लिए कहा गया ताकि रेस्क्यू टीम को काम करने में परेशानी न हो।
आग लगने की वजह नहीं साफ
प्रशासन के मुताबिक, तीसरी मंजिल पर फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। बचाव दल का लक्ष्य बिल्डिंग में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित निकालना और आग पर जल्द काबू पाना है।
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। आग से हुए नुकसान का सही आकलन भी रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद किया जाएगा। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।