Lucknow Firing: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता इलाके में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद अचानक फायरिंग हो गई। इस दौरान तीन लोगों को गोली लगी। गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव और परिवारों में मातम का माहौल है।
मौके पर दो लोगों ने तोड़ा दम
फायरिंग में 62 वर्षीय शिवाजी तिवारी और उनके 55 वर्षीय सगे भाई शिवेंद्र तिवारी को गोली लगी। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं शिवाजी तिवारी के बेटे सुयश तिवारी भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए ट्रामा सेंटर ले जाया गया, लेकिन उनकी भी जान नहीं बच सकी।
निहत्थे सिपाही ने आरोपी को दौड़कर पकड़ा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। खबर के अनुसार सिपाही कार्तिक निहत्थे ही घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपी को दौड़कर पकड़ लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला को हिरासत में ले लिया है। उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल बरामद होने की बात सामने आई है।
पार्किंग विवाद के बाद फायरिंग की बात
शुरुआती जानकारी के मुताबिक गोलीबारी की वजह पार्किंग को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस अभी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। डीसीपी वेस्ट ने बताया कि आपसी विवाद में गोलीबारी की घटना हुई है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
नेवी में नेविगेशन अफसर बताया जा रहा आरोपी
पुलिस हिरासत में लिया गया ऋषभ शुक्ला भारतीय नौसेना में नेविगेशन अफसर बताया जा रहा है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और फायरिंग तक मामला कैसे पहुंचा। पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
सआदतगंज के नौबस्ता क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने इलाके में जांच तेज कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी के पास अवैध पिस्टल कहां से आई और फायरिंग के दौरान घटनास्थल पर वास्तव में क्या हुआ था। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
Read More:


[…] […]