HomeBreaking NewsUP में बुजुर्ग महिलाओं के लिए खुशखबरी! अब रोडवेज बसों में नहीं...

UP में बुजुर्ग महिलाओं के लिए खुशखबरी! अब रोडवेज बसों में नहीं लगेगा किराया, CM योगी ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई योजना’ का किया शुभारंभ

Lokmata Ahilyabai Matrushakti Yatra Scheme Launched: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र की महिलाओं को यूपी रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। अनुमान है कि रोजाना करीब 88,438 महिला यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा।

स्मार्ट कार्ड से मिलेगी निशुल्क यात्रा की सुविधा

निशुल्क यात्रा को व्यवस्थित तरीके से लागू करने के लिए 60 वर्ष से अधिक उम्र की पात्र महिलाओं को परिवहन निगम की ओर से विशेष स्मार्ट कार्ड जारी किए जाएंगे। इन कार्डों के जरिए पात्र महिला यात्रियों की पहचान करने और उन्हें मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की प्रक्रिया आसान होगी।

रक्षाबंधन पर तीन दिन सहयात्री के साथ मुफ्त सफर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर 27, 28 और 29 अगस्त को महिलाओं को अपने एक सहयात्री के साथ निशुल्क बस यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसके बाद 60 वर्ष से अधिक उम्र की हर महिला को मुफ्त बस यात्रा का लाभ मिलेगा।

माता अहिल्याबाई साहस और स्वाभिमान की प्रतीक

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि माता अहिल्याबाई साहस और स्वाभिमान की प्रतीक हैं। इसी वजह से योजना का नाम ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दे रही है।

बेटियों की सुरक्षा पर बोले CM योगी

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश की स्थिति को भी याद करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि उस समय कहा जाता था, ‘देख सपाई बिटिया घबराई’। उनके मुताबिक प्रदेश में बेटियों का सम्मान, शिक्षा और भविष्य सुरक्षित नहीं था। उत्सवों से पहले दंगे हो जाते थे और चारों तरफ अव्यवस्था व अराजकता का माहौल था।

सरकार की हर योजना का केंद्र बेटी है- CM योगी

CM योगी ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में यूपी में डबल इंजन की सरकार आने के बाद अराजकता को उत्सव में बदल दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की हर योजना का केंद्र बेटी है और पहले योजनाओं में भ्रष्टाचार व कमीशनखोरी होती थी। मुख्यमंत्री ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा, ‘अब बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को जेल या जहन्नुम में कोई एक जगह मिलेगी।’ उन्होंने कहा कि पहले बेटियों की सुरक्षा किस्मत पर निर्भर थी, लेकिन अब यह सिस्टम और तकनीक पर आधारित है।

महिलाओं ने जताया सरकार का आभार

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौजूद महिलाओं से बातचीत की और योजना को लेकर उनकी प्रतिक्रिया जानी। महिलाओं ने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया और आभार जताया। उन्नाव की पुष्पा ने कहा कि इस सुविधा से उन्हें काफी लाभ मिलेगा। अब कहीं भी जाना होगा तो उन्हें किसी पर आश्रित नहीं रहना पड़ेगा। इस पर सीएम योगी ने महिलाओं से कहा कि आप अच्छे लोगों को चुनते हैं तो अच्छा ही होता है।

हर महीने 22.55 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च

इस योजना के लागू होने से राज्य सरकार पर हर महीने 22.55 करोड़ रुपये का अतिरिक्त व्यय भार आएगा। सरकार ने इस फैसले के जरिए महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी है। ‘सशक्त नारी’ के संकल्प को अब परिवहन सेवाओं से भी जोड़ा गया है।

Read More:

महाकाल दर्शन से पहले दर्दनाक हादसा, फेमस यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय और मां ने मौके पर तोड़ा दम, ट्रक में जा घुसी कार

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments