Karnataka CM Siddaramaiah Resignation: कर्नाटक की राजनीति में लंबे समय से चल रही अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस हाईकमान के निर्देश के बाद वह यह फैसला ले रहे हैं। इसके साथ ही राज्य में नेतृत्व परिवर्तन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है और अब डीके शिवकुमार के अगले मुख्यमंत्री बनने की संभावना मजबूत हो गई है।
हाईकमान के फैसले का किया सम्मान
अपने सरकारी आवास पर मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ नाश्ता बैठक के बाद सिद्धारमैया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उनसे इस्तीफा देने को कहा है, इसलिए वह पद छोड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि कांग्रेस उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका देना चाहती है। पिछले एक साल से राज्य में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर लगातार चर्चा चल रही थी।
डीके शिवकुमार ने छुए पैर
इस्तीफे के ऐलान से पहले उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सिद्धारमैया के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया। इस तस्वीर को कांग्रेस के भीतर सौहार्द और सत्ता परिवर्तन के शांतिपूर्ण संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। दोनों नेताओं की मुलाकात ने यह संदेश देने की कोशिश की कि नेतृत्व परिवर्तन के बावजूद पार्टी में किसी तरह का टकराव नहीं है।
‘कावेरी’ आवास पर बढ़ी राजनीतिक हलचल
मुख्यमंत्री आवास ‘कावेरी’ में सुबह से ही राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कई वरिष्ठ मंत्री भी वहां पहुंचे। इनमें प्रियांक खरगे, केजे जॉर्ज, एमबी पाटिल, रामलिंगा रेड्डी और एचके पाटिल जैसे नेता शामिल थे। बैठक को कांग्रेस सरकार के भीतर अहम राजनीतिक घटनाक्रम माना गया।
राज्यपाल से मुलाकात टली
सूत्रों के मुताबिक, सिद्धारमैया बाद में राज्यपाल थावरचंद गहलोत को इस्तीफा सौंप सकते थे, लेकिन राज्यपाल फिलहाल बेंगलुरु में मौजूद नहीं हैं। बताया गया कि वह निजी कारणों से इंदौर गए हुए हैं। ऐसे में औपचारिक प्रक्रिया में थोड़ी देरी हो सकती है।
शिवकुमार समर्थकों में जश्न का माहौल
सिद्धारमैया के इस्तीफे की घोषणा के बाद डीके शिवकुमार के समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। उनके आवास के बाहर मिठाइयां बांटी गईं और समर्थकों ने नारेबाजी भी की। कांग्रेस के भीतर यह माना जा रहा है कि अब शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने की औपचारिक घोषणा जल्द हो सकती है।
पिछले साल से चल रही थीं अटकलें
कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा तब तेज हुई थी जब सरकार ने ढाई साल का कार्यकाल पूरा किया था। अब सरकार तीन साल पूरे कर चुकी है और लंबे समय से यह सवाल बना हुआ था कि मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी क्या फैसला करेगी। इसी सिलसिले में सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार दोनों हाल ही में दिल्ली पहुंचे थे, जहां उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी सहित पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक की थी।
Read More:
दिल्ली से हरियाणा तक भारतीय जनता पार्टी ने 4 राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा की

