दिल्ली सरकार ने आगामी कांवड़ यात्रा को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए उच्च स्तरीय कांवड़ समिति का पुनर्गठन किया है। CM रेखा गुप्ता ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से दी। नई समिति की जिम्मेदारी संस्कृति एवं कानून मंत्री कपिल मिश्रा को सौंपी गई है।
पांच विधायक भी समिति में शामिल
सरकार की ओर से अजय माहवार, अनिल शर्मा, करनैल सिंह, संजय गोयल और उमंग बजाज को समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। यह टीम कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं की निगरानी का कार्य करेगी।
शिवभक्तों के लिए विशेष सुविधाओं की तैयारी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस वर्ष भी कांवड़ यात्रियों को बेहतर और सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके लिए राजधानी में लगाए जाने वाले कांवड़ शिविरों को सभी तरह की सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपरा और जनआस्था का बड़ा प्रतीक है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सावन के दौरान दिल्ली से गुजरने वाले लाखों शिवभक्तों के स्वागत और सेवा को सरकार अपनी प्राथमिकता मानती है। इसलिए यह सुनिश्चित करना है कि राजधानी में प्रवेश करने वाले हर कांवड़िए को सम्मानजनक माहौल और जरूरी सुविधाएं मिलें।
सुरक्षित और सुचारू यात्रा पर रहेगा फोकस
दिल्ली सरकार का कहना है कि इस बार भी यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और जरूरी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि कांवड़ यात्रा बिना किसी बाधा के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
Read More
राजस्थान में रेतीले तूफान का कहर, दिन में छाया अंधेरा, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

