Jitendra Mishra First CEO of Ram Mandir: रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने इसे भगवान श्रीराम का आशीर्वाद बताया और आने वाले समय में मंदिर के लिए बेहतर काम करने की बात कही।
क्या दिया पहला रिएक्शन?
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक में रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यपालक अधिकारी यानी CEO नियुक्त किया गया। जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी पहली प्रतिक्रिया सामने आई। उन्होंने कहा, “पहले तो मैं चयन समिति का बहुत ही हार्दिक रूप से धन्यवाद् करना चाहूंगा और मैं इसे अपना सौभाग्य मानता हूं कि उन्होंने इतने सारे उम्मीदवारों में से मेरा चयन किया।”
43 साल की सेवा के बाद मिला राम मंदिर की सेवा का मौका
रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ने अपनी नई जिम्मेदारी को भगवान श्रीराम का आशीर्वाद बताया। उन्होंने कहा, “मैं इसे भगवान श्रीराम का आशीर्वाद मानता हूं कि वायुसेना में 43 सालों की राष्ट्र सेवा के बाद, उन्होंने मुझे श्री राम मंदिर और श्री राम भक्तों की सेवा करने का अवसर दिया है।” उन्होंने आगे प्रार्थना करते हुए कहा, “मैं भगवान से यह प्रार्थना करूंगा कि वो मुझे सामार्थ्य दें कि मैं इस काम को अच्छी तरह से कर पाऊं।”
चयन प्रक्रिया पर क्या बोले नए CEO?
CEO नियुक्त होने के बाद चयन प्रक्रिया से जुड़े सवाल पर जितेंद्र मिश्रा ने कहा, “जो चयन समिति की प्रक्रिया थी मुझे लगता है उसे उन्होंने पहले मीडिया और इंटरनेट पर प्रसारित किया था और उनकी प्रक्रिया, टाइमलाइन बार-बार टीवी पर आती रही है। इस प्रक्रिया के बारे में चयन समिति ही बता पाएगी।” उन्होंने आगे कहा, “सर्वप्रथम मैं चयन समिति, राम मंदिर ट्रस्ट और भगवान श्रीराम का आभारी हूं कि मुझे इस दायित्व के लिए मेरा चयन किया गया है।”
चढ़ावा चोरी के सवाल पर भविष्य पर दिया जोर
राम मंदिर में सामने आए चढ़ावा चोरी के मामले पर सीधे टिप्पणी करने से बचते हुए जितेंद्र मिश्रा ने कहा, “मैं बीते समय की बात करने के बजाय आने वाले समय की बात ज्यादा करना चाहूंगा। आप बीते समय को भूल जाएं और आने वाले समय में हम प्रभु राम की कृपा से बहुत बढ़िया तरीके से इस काम को कर पाएंगे।” उनके इस बयान से साफ है कि वह पिछली घटनाओं के बजाय अपनी नई जिम्मेदारी और भविष्य की व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं।
कार्यभार संभालने के बाद बताएंगे आगे का प्लान
राम मंदिर के नए CEO से जब आगे की कार्ययोजना को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, “कुछ समय पहले ही मेरा सीईओ के रूप में चयन हुआ है। ऐसे में मुझे नहीं लगता कि इस समय यह सवाल प्रासंगिक है। मैं जब सीईओ के रूप में कार्यभार संभाल लूंगा तो ट्रस्ट के प्रयास और अपनी टीम की मदद से जो भी राम मंदिर के लिए उत्तम से उत्तम कार्य होगा वो मैं करने का पूरा प्रयत्न करूंगा।”
43 साल वायुसेना में दी राष्ट्र सेवा
रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा का कहना है कि वायुसेना में 43 वर्षों तक राष्ट्र सेवा करने के बाद अब उन्हें श्रीराम मंदिर और राम भक्तों की सेवा का अवसर मिला है। उन्होंने इस जिम्मेदारी को सौभाग्य मानते हुए भगवान श्रीराम से इसे पूरी क्षमता और अच्छे तरीके से निभाने की प्रार्थना की है।
Read More:


[…] […]