होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने एक बड़ी सैन्य कार्रवाई का दावा किया है। ईरान के मुताबिक, उसकी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स नेवी (IRGC) ने समुद्री रास्ते के दक्षिणी हिस्से में लगे दुश्मन के नेविगेशन सहायता सिस्टम को नष्ट कर दिया है। तेहरान का दावा है कि इस कार्रवाई के बाद रातभर कोई भी अवैध जहाज इस रास्ते से नहीं गुजर पाया और तेल की तस्करी पर रोक लग गई।
ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, यह कार्रवाई उन जहाजों को रोकने के लिए की गई, जो ईरान द्वारा निर्धारित समुद्री मार्गों का उल्लंघन कर रहे थे। हालांकि, इस सैन्य कार्रवाई और जहाजों की आवाजाही को लेकर ईरान की ओर से किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।
नेविगेशन सिस्टम नष्ट करने का दावा
ईरान की सरकारी मीडिया IRIB और अर्धसरकारी समाचार एजेंसी फार्स न्यूज के मुताबिक, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स नेवी के एक अधिकारी ने बताया कि होर्मुज स्ट्रेट की दक्षिणी चट्टानों पर लगाए गए दुश्मन के नेविगेशन सहायता सिस्टम को तबाह कर दिया गया है। अधिकारी का आरोप है कि इन सिस्टम का इस्तेमाल उन जहाजों को रास्ता दिखाने के लिए किया जा रहा था, जो ईरान के निर्धारित समुद्री मार्गों का उल्लंघन कर रहे थे। ईरान का दावा है कि कार्रवाई के बाद रातभर कोई भी उल्लंघन करने वाला जहाज इस रास्ते से नहीं गुजर सका।
अमेरिकी सुरक्षा में तेल की तस्करी का लगाया आरोप
ईरानी अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि कुछ जहाज अमेरिकी सैन्य सुरक्षा में तेल की अवैध आवाजाही और जहाजों के बीच तेल के लेनदेन में शामिल थे। ईरान के मुताबिक, इन जहाजों ने निर्धारित रास्तों से बचने के लिए अपनी पहचान और लोकेशन बताने वाले सिस्टम बंद कर दिए थे।
ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स नेवी ने विशेष रूप से ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (AIS) और रडार बंद करके दूसरे रास्तों से गुजरने वाले तेल टैंकरों पर सवाल उठाए हैं। AIS एक ऐसी तकनीक है, जिसके जरिए जहाज अपनी पहचान, स्थिति और दिशा की जानकारी दूसरे जहाजों तथा समुद्री निगरानी केंद्रों तक पहुंचाते हैं। ईरान ने व्यावसायिक जहाजों के लिए होर्मुज स्ट्रेट में कुछ निर्धारित समुद्री मार्ग तय किए हैं। उसका कहना है कि सभी जहाजों को इन्हीं अधिकृत उत्तरी रास्तों से गुजरना होगा और उसकी निगरानी व्यवस्था का पालन करना होगा।
अमेरिकी हमले का दावा
होर्मुज स्ट्रेट में तनाव के बीच ईरान के केशम द्वीप पर भी रविवार रात धमाकों की खबरें सामने आईं। यह द्वीप होर्मुज स्ट्रेट के पास स्थित है। ईरानी मीडिया के मुताबिक, अमेरिकी हमले में यहां कुछ ठिकानों को निशाना बनाया गया। बातचीत में एक प्रांतीय अधिकारी ने बताया कि हमले में किसी महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे या सार्वजनिक सेवा को नुकसान नहीं पहुंचा। उनके अनुसार, जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया, वे रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों से दूर थे।
Read More
IND vs NZ: शुभमन गिल अचानक वनडे टीम से बाहर, न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी 2 मैच नहीं खेलेंगे, सामने आई बड़ी वजह