Chhath Puja 2026: देशभर में छठ महापर्व का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। यह पर्व मुख्य रूप से सूर्य देव और छठी मैया की उपासना के लिए समर्पित है। हिंदू पंचांग के अनुसार, छठ पूजा कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से शुरू होकर सप्तमी तिथि तक चलती है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती पूरी श्रद्धा और नियमों के साथ पूजा-अर्चना करते हैं।
साल 2026 में छठ पूजा 13 नवंबर से शुरू होकर 16 नवंबर तक मनाई जाएगी। इस दौरान नहाय-खाय से लेकर खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य तक अलग-अलग धार्मिक परंपराएं निभाई जाएंगी।
छठ पूजा 2026 का पूरा कैलेंडर
इस साल छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर, शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ होगी। 14 नवंबर, शनिवार को खरना मनाया जाएगा। इसके बाद 15 नवंबर, रविवार को डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। वहीं, 16 नवंबर, सोमवार को उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसी दिन व्रती पारण करके अपना व्रत पूरा करेंगे।
नहाय-खाय- 13 नवंबर, शुक्रवार
छठ महापर्व के पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा निभाई जाती है। इस दिन व्रती सुबह जल्दी उठकर स्नान करते हैं और घर की साफ-सफाई करके पर्व की तैयारियां शुरू करते हैं। कई श्रद्धालु नदी या किसी पवित्र जलाशय में स्नान करना भी शुभ मानते हैं। इसके बाद घर में शुद्ध और सात्विक भोजन तैयार किया जाता है। परंपरा के अनुसार, इस दिन चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी बनाई जाती है। इसी भोजन को ग्रहण करके छठ पूजा की शुरुआत होती है।
खरना- 14 नवंबर, शनिवार
छठ पूजा के दूसरे दिन खरना मनाया जाता है। इस दिन व्रती सुबह से पूरे दिन उपवास रखते हैं और सूर्यास्त के बाद पूजा-अर्चना करके प्रसाद ग्रहण करते हैं। खरना के प्रसाद में मुख्य रूप से गुड़ की खीर और रोटी बनाई जाती है। कई घरों में इसे मिट्टी के चूल्हे पर तैयार करने की परंपरा है। इसके अलावा ठेकुआ और अन्य पारंपरिक पकवान भी बनाए जाते हैं।
खरना की पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं और फिर 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होती है। यह कठिन उपवास संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य तक चलता है। इस दौरान व्रती अन्न और पानी दोनों का सेवन नहीं करते हैं। छठ पूजा में इस साधना को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
संध्या अर्घ्य- 15 नवंबर, रविवार
छठ महापर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य दिया जाता है। इस दिन व्रती और श्रद्धालु नदी, तालाबों और छठ घाटों पर पहुंचकर डूबते हुए सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इस दौरान जल और दूध से सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा है। बांस के सूप और टोकरी में फल, ठेकुआ और अन्य पूजा सामग्री सजाई जाती है। सूर्यास्त के समय सूर्य देव और छठी मैया की विशेष आराधना की जाती है।
उषा अर्घ्य- 16 नवंबर, सोमवार
छठ पूजा का चौथा और अंतिम दिन उषा अर्घ्य का होता है। इस दिन व्रती सूर्योदय से पहले ही छठ घाटों पर पहुंच जाते हैं और उगते हुए सूर्य देव को अर्घ्य देते हैं। इस दौरान परिवार की खुशहाली, संतान की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की जाती है।
उषा अर्घ्य देने और पूजा-अर्चना पूरी करने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करके 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण करते हैं। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व संपन्न हो जाता है।
Read More:
होर्मुज स्ट्रेट में ईरान ने नेविगेशन सिस्टम किया तबाह, अमेरिका की सुरक्षा में तेल तस्करी का दावा

