HomeBreaking Newsगुवाहाटी जा रही इंडिगो फ्लाइट की पुणे में इमरजेंसी लैंडिंग, हवा में...

गुवाहाटी जा रही इंडिगो फ्लाइट की पुणे में इमरजेंसी लैंडिंग, हवा में तकनीकी खराबी के चलते लिया गया एक्शन

पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट(IndiGo fligh) में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी समस्या सामने आ गई। विमान का लैंडिंग गियर उड़ान के बाद अंदर नहीं जा सका और बाहर ही रह गया। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी। इसके बाद विमान को वापस पुणे एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला लिया गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 192 यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं।

जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 0623 (VT-IZE) पुणे से गुवाहाटी के लिए रवाना हुई थी। टेकऑफ के कुछ समय बाद विमान के अंडरकैरेज यानी लैंडिंग गियर में तकनीकी खराबी आ गई। इसकी वजह से पहिए विमान के अंदर नहीं जा सके। पायलट से सूचना मिलने के बाद पुणे एयरपोर्ट प्रशासन ने एटीसी, इंडिगो और आपातकालीन सेवाओं के साथ संपर्क किया। भारतीय वायुसेना की ओर से फुल इमरजेंसी घोषित की गई। एयरपोर्ट पर दमकल की गाड़ियां, एंबुलेंस और बचाव दलों को तुरंत तैयार कर दिया गया।

रनवे के ऊपर से गुजारा गया विमान

सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने के लिए विमान को पहले रनवे के ऊपर से कम ऊंचाई पर उड़ाया गया। इस दौरान लैंडिंग गियर की स्थिति का निरीक्षण किया गया। जरूरी जांच के बाद विमान ने सुबह 9 बजकर 4 मिनट पर पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कर ली।

इसके बाद तीन दमकल वाहनों और दो एंबुलेंस की निगरानी में विमान को बे नंबर 7 तक पहुंचाया गया। सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर स्थिति सामान्य होने के बाद एटीसी ने फुल इमरजेंसी खत्म करने की घोषणा की।

सुरक्षित बाहर निकाले गए सभी 192 लोग

विमान के रुकने के बाद उसमें एयरोब्रिज लगाया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

इंडिगो अब यात्रियों को उनके गंतव्य गुवाहाटी तक पहुंचाने के लिए बेंगलुरु से एक वैकल्पिक विमान पुणे लाने की व्यवस्था कर रही है। एयरपोर्ट प्रशासन, एटीसी, भारतीय वायुसेना और बचाव एजेंसियों के आपसी तालमेल से पूरी कार्रवाई सुरक्षित तरीके से पूरी हुई।

यह भी पढ़ें : नोएडा में छठ पूजा पर ट्रैफिक अलर्ट! दो दिन इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments