HomeBreaking Newsश्री खाटूश्याम जी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी! रेलवे चलाएगा 3...

श्री खाटूश्याम जी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी! रेलवे चलाएगा 3 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, जानें पूरा शेड्यूल

Indian Railway: देवउठनी एकादशी और बाबा खाटूश्याम के जन्मोत्सव के अवसर पर श्री खाटूश्याम जी में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए उत्तर-पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की आवाजाही आसान बनाने के लिए तीन जोड़ी विशेष ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। इन ट्रेनों से दिल्ली, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को सीधा रींगस तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। रींगस रेलवे स्टेशन से यात्री सड़क मार्ग के जरिए खाटूश्यामजी मंदिर पहुंच सकेंगे।

18 से 22 नवंबर तक चलेंगी तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

उत्तर-पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ अमित सुदर्शन के अनुसार, श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रींगस के लिए तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की कुल 18 ट्रिप संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा दिल्ली से रेवाड़ी के बीच चलने वाली ट्रेन को चार ट्रिप के लिए रींगस तक विस्तारित किया गया है। रेलवे के इस फैसले से यात्रियों को त्योहार के दौरान रेल यात्रा में काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

दिल्ली सराय रोहिल्ला से रींगस के लिए ट्रेन का शेड्यूल

रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, गाड़ी संख्या 04472 दिल्ली सराय रोहिल्ला-रींगस अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 18 से 21 नवंबर तक चार ट्रिप लगाएगी। यह ट्रेन दिल्ली सराय रोहिल्ला से रोजाना शाम 7:10 बजे रवाना होगी और रात 12:40 बजे रींगस पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 04471 रींगस-दिल्ली सराय रोहिल्ला स्पेशल ट्रेन 19 से 22 नवंबर तक संचालित होगी। यह ट्रेन रींगस से रात 2 बजे रवाना होकर सुबह 6:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

रेवाड़ी से भी मिलेगी रींगस के लिए सीधी ट्रेन

रेवाड़ी से खाटूश्यामजी जाने वाले यात्रियों के लिए गाड़ी संख्या 09637 रेवाड़ी-रींगस स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन 19 और 20 नवंबर को दो ट्रिप संचालित होगी। रेवाड़ी से इसके रवाना होने का समय सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया है, जबकि यह दोपहर 2:20 बजे रींगस पहुंचेगी।

वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 09638 रींगस-रेवाड़ी स्पेशल ट्रेन 19 और 20 नवंबर को ही चलेगी। यह रींगस से दोपहर 2:55 बजे रवाना होकर शाम 6:20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।

हिसार से आने वाले श्रद्धालुओं को भी मिलेगी राहत

हिसार और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी रेलवे ने सीधी ट्रेन की व्यवस्था की है। गाड़ी संख्या 04747 हिसार-रींगस अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 19 से 21 नवंबर तक तीन ट्रिप लगाएगी। यह ट्रेन हिसार से सुबह 9:55 बजे रवाना होकर शाम 4:30 बजे रींगस पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 04748 रींगस-हिसार स्पेशल ट्रेन शाम 5:50 बजे रींगस से रवाना होगी और रात 12:10 बजे हिसार पहुंचेगी।

नियमित ट्रेनों में भी बढ़ाए जाएंगे 8 अतिरिक्त जनरल डिब्बे

स्पेशल ट्रेनों के संचालन के साथ रेलवे ने नियमित ट्रेनों में यात्रियों की क्षमता बढ़ाने का भी फैसला किया है। इसके तहत दो जोड़ी ट्रेनों में साधारण श्रेणी के कुल आठ अतिरिक्त डिब्बे अस्थायी रूप से लगाए जाएंगे। इससे मेले के दौरान जनरल श्रेणी में सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे का यह कदम देवउठनी एकादशी और बाबा खाटूश्याम के जन्मोत्सव पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए उठाया गया है।

Read More:

मनीला दौरे के दौरान PM मोदी ने ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री खालसा दीवान में टेका माथा, पुनर्विकास कार्यों का किया शिलान्यास

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments