राजस्थान के धौलपुर जिले के राजाखेड़ा क्षेत्र से आस्था और उत्सुकता से जुड़ी एक अनोखी घटना सामने आई है। मछरिया गांव में एक किसान के खेत में खुदाई के दौरान एक प्रतिमा मिलने के बाद पूरे इलाके में श्रद्धा का माहौल बन गया है। प्रतिमा को देखने के लिए बड़ी संख्या में गांव वाले मौके पर पहुंचे।
सूखे पेड़ की जड़ों के पास मिली प्रतिमा
जानकारी के अनुसार, किसान राजेश कुमार अपने खेत में सूख चुके निशोड़े (लभेरे) के पेड़ को हटाने के लिए खुदाई करवा रहे थे। इसी दौरान पेड़ की जड़ों के पास मिट्टी में दबा हुआ एक पत्थरनुमा आकार दिखाई दिया। जब उसे बाहर निकाला गया तो वह एक प्रतिमा निकली, जिसे देखकर आसपास मौजूद लोग हैरान रह गए।
बाबा खाटू श्याम जैसी प्रतिमा होने का दावा
गांव के लोगों का कहना है कि प्रतिमा का स्वरूप भगवान खाटू श्याम से मिलता-जुलता है। इसकी जानकारी गांव में फैलते ही लोग मौके पर पहुंचने लगे। कुछ ही घंटों में वहां श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई और भजन-कीर्तन व जयकारों का माहौल बन गया। प्रतिमा मिलने की खबर पूरे क्षेत्र में तेजी से फैल गई। कई लोग इसे आस्था का विषय मान रहे हैं और दर्शन के लिए दूर-दूर से पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है, जिससे लोगों में उत्सुकता और श्रद्धा दोनों बढ़ गई हैं।
अभी नहीं हुई आधिकारिक पुष्टि
हालांकि, प्रतिमा की वास्तविक पहचान और उसके ऐतिहासिक महत्व को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि प्रतिमा कितनी पुरानी है और वहां तक कैसे पहुंची। संबंधित पहलुओं को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
Read More
कार के विवाद ने ली युवक की जान, मोगा हत्याकांड में पति-पत्नी समेत चार गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर भेजे गए आरोपी