एक महिला बैंककर्मी को अश्लील संदेश भेजने और राजनीतिक प्रभाव का हवाला देकर IAS बनवाने का वादा करने के मामले में सपा से जुड़े एक नेता डॉ राजन रिज़वी पर आरोप लगा है। WhatsApp चैट के कुछ स्क्रीनशॉट सामने आने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा। हालांकि, महिला ने अभी तक पुलिस में लिखित शिकायत नहीं दी है। मामला सामने आने के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
बैंक के काम के बहाने लिया मोबाइल नंबर
जानकारी के मुताबिक, मथुरा में सपा अल्पसंख्यक सभा से जुड़े नेता डॉ राजन रिज़वी की मुलाकात महिला बैंककर्मी से हुई थी। आरोप है कि मुलाकात के दौरान नेता ने उसकी सुंदरता की तारीफ की और धीरे-धीरे उसके परिवार और पेशेवर संपर्कों से जुड़ी जानकारी लेने लगा। इसके बाद बैंक से संबंधित काम का हवाला देकर महिला का मोबाइल नंबर लिया गया। नंबर मिलने के बाद फोन और WhatsApp पर बातचीत शुरू हो गई।
सरकार बनने पर IAS बनवाने का दावा
आरोप है कि बातचीत के दौरान सपा नेता डॉ राजन रिज़वी ने अपने राजनीतिक प्रभाव का जिक्र करते हुए महिला को भरोसा दिलाया कि अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो मुख्यमंत्री कोटे के जरिए डेपुटेशन पर उसे IAS बनवाने की कोशिश की जा सकती है। बातचीत के दौरान नेता की कुछ बातों पर महिला ने आपत्ति जताई। इसके बाद आरोपी ने संदेश भेजकर माफी मांगी। हालांकि, महिला का आरोप है कि इसके बाद भी उसे प्रभावित करने की कोशिश जारी रही।
SSP तक पहुंचे चैट के स्क्रीनशॉट
मामले से जुड़े WhatsApp चैट के कुछ स्क्रीनशॉट SSP श्लोक कुमार तक पहुंचने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी ली। SSP ने बताया कि उनके पास कुछ स्क्रीनशॉट आए हैं, लेकिन पीड़िता की ओर से अभी कोई लिखित प्रार्थना-पत्र नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि महिला शिकायत देती है तो मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई शिकायत मिलने के बाद की जानी है।
Read More


[…] ‘सपा की सरकार आने पर CM कोटे से IAS बनवा द… […]