दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार को हुए भीषण अग्निकांड में कई लोगों की मौत हो गई। दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल के पास मौजूद लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में लगी आग में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। मृतकों में बड़ी संख्या विदेशी नागरिकों की बताई जा रही है।
नियमों के उल्लंघन की आशंका
शुरुआती जांच में होटल प्रबंधन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक, होटल के मालिक लोकेश बजाज हैं और इसे तीन साझेदार मिलकर संचालित कर रहे थे। जांच में सामने आया है कि परिसर को केवल 6 कमरों के संचालन की अनुमति थी, जबकि वहां 25 कमरे चलाए जा रहे थे। प्रशासन अब भवन की अनुमति, फायर सेफ्टी और अन्य लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की जांच कर रहा है।
आग लगने के समय सो रहे थे लोग
पुलिस के अनुसार आग सुबह उस वक्त लगी जब होटल में ठहरे अधिकांश लोग सो रहे थे। सूचना सुबह 8:48 बजे मिली, जिसके बाद दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग तेजी से फैलने के कारण कई लोग अंदर फंस गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक मृतकों में बड़ी संख्या अफ्रीकी देशों के नागरिकों की है।
40 लोगों को किया रेस्क्यू
राहत और बचाव अभियान के दौरान करीब 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को एम्स, मैक्स अस्पताल और पंडित मदन मोहन मालवीय अस्पताल समेत अलग-अलग चिकित्सा संस्थानों में भर्ती कराया गया है। इनमें से 13 घायलों का इलाज AIIMS में चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज
दिल्ली पुलिस ने होटल के मालिक और अन्य लोगों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या समेत संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक और फायर विभाग की टीम जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर होटल प्रबंधन और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read More
प्रयागराज मर्डर मिस्ट्री: एक ही परिवार के 4 शव मिलने से सनसनी, रहस्यमयी नोट बना जांच का केंद्र

