हिमाचल प्रदेश(Himachal Pradesh) के हमीरपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पैकेटबंद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नादौन क्षेत्र के गौना गांव में एक सीलबंद चिप्स पैकेट के अंदर जिंदा कीड़े मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह पैकेट एक दो साल के बच्चे के लिए खरीदा गया था। गांव निवासी सोनी कुमार ने यह चिप्स का पैकेट खरीदा था, जो बाहर से पूरी तरह सील था।
पैकेट पर दी गई जानकारी के मुताबिक इसकी पैकिंग 19 मार्च 2026 की थी, जबकि एक्सपायरी डेट 17 जुलाई 2026 लिखी हुई थी। लेकिन जैसे ही परिवार ने बच्चे को चिप्स देने के लिए पैकेट खोला, अंदर का नजारा देखकर सभी दंग रह गए। चिप्स के बीच कई छोटे-छोटे कीड़े रेंगते दिखे, जिनमें एक बड़ा जिंदा कीड़ा भी शामिल था। इस घटना ने परिवार को झकझोर कर रख दिया।
दुकानदार ने क्या कहा?
घटना के बाद परिजन तुरंत दुकानदार के पास पहुंचे। दुकानदार ने सफाई देते हुए बताया कि उसे यह स्टॉक महज दो दिन पहले ही कंपनी से मिला था। उसने आश्वासन दिया कि इस मामले की जानकारी संबंधित कंपनी तक पहुंचाई जाएगी। इस पूरे मामले पर जिला खाद्य पूर्ति अधिकारी शिवम राही ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलेभर में खाद्य दुकानों की जांच की जाएगी।
यदि कहीं भी लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाई गई, तो संबंधित दुकानदार और कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद लोगों के मन में पैकेटबंद खाद्य पदार्थों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और सप्लाई चेन से लेकर पैकेजिंग तक पर सवाल उठने लगे हैं।