HomeBreaking Newsशादी नहीं हुई तो मिलेंगे पूरे पैसे, चर्चा में चीन का डेटिंग...

शादी नहीं हुई तो मिलेंगे पूरे पैसे, चर्चा में चीन का डेटिंग ऐप

आज के समय में डेटिंग ऐप पर सही पार्टनर तलाशना कई लोगों के लिए चुनौती बन गया है। घंटों बातचीत और कई लोगों से मिलने के बाद भी रिश्ता शादी तक पहुंचे, इसकी कोई गारंटी नहीं होती। इसी समस्या को देखते हुए चीन में एक नया डेटिंग ऐप चर्चा में है। इसकी खासियत यह है कि अगर यूजर तीन साल के भीतर शादी नहीं कर पाता तो कंपनी उसकी पूरी मेंबरशिप फीस वापस करने का वादा कर रही है। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, इस ऐप का नाम ‘लियांगपेई AI’ है। इसे जुलाई में लॉन्च किया गया था। इसकी सालाना मेंबरशिप फीस 2,000 चीनी युआन यानी करीब 26 हजार रुपये है। कंपनी का दावा है कि तीन साल के भीतर शादी नहीं होने पर यूजर को पूरी रकम लौटा दी जाएगी।

एक साथ कई लोगों से बात नहीं कर सकेंगे यूजर

लियांगपेई AI ने पारंपरिक डेटिंग ऐप से अलग तरीका अपनाया है। यहां यूजर एक समय में केवल एक ही व्यक्ति के साथ मैच कर सकता है। अगर वह किसी दूसरे व्यक्ति से जुड़ना चाहता है तो उसे पहले अपना मौजूदा मैच खत्म करना होगा। ऐप बनाने वाली कंपनी का मानना है कि एक साथ कई लोगों से बातचीत करने के बजाय किसी एक व्यक्ति को समझने और रिश्ते को समय देने से बेहतर परिणाम मिल सकते हैं। इस ऐप पर अकाउंट बनाने के लिए यूजर को असली नाम, प्रोफाइल फोटो और अविवाहित होने का प्रमाण देना पड़ता है। कंपनी के मुताबिक, लॉन्च के पहले महीने में जांच के दौरान 150 से ज्यादा शादीशुदा लोगों को प्लेटफॉर्म से बाहर किया गया था।

20 मिनट की AI बातचीत से तैयार होती है प्रोफाइल

रजिस्ट्रेशन के बाद यूजर को करीब 20 मिनट तक AI के साथ बातचीत करनी होती है। इस दौरान उससे परिवार, शिक्षा, नौकरी, पसंद-नापसंद, स्वभाव, रहन-सहन और जीवनसाथी को लेकर उम्मीदों से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं। इन जवाबों के आधार पर AI यूजर की विस्तृत प्रोफाइल तैयार करता है। इसके बाद उसी जानकारी के मुताबिक संभावित पार्टनर सुझाए जाते हैं। ऐप में ‘AI स्ट्रैटेजिस्ट’ नाम का फीचर भी है, जो रिश्तों से जुड़ी उलझनों में सलाह देने की कोशिश करता है। रिपोर्ट में एक महिला यूजर का उदाहरण दिया गया है, जिसका मैच अचानक जवाब देना बंद कर देता है। महिला ने AI स्ट्रैटेजिस्ट से सलाह ली। AI ने उसे बताया कि व्यस्त होने के बावजूद किसी व्यक्ति को तीन दिन के भीतर अपनी अनुपस्थिति की वजह बतानी चाहिए। इसके बाद महिला ने उस मैच को खत्म कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, बाद में उसे एक नया पार्टनर मिला, जिसके साथ उसकी अच्छी बन रही है।

कौन हैं ऐप के फाउंडर?

लियांगपेई AI के संस्थापक जेंग शिनशुन हैं। वह इससे पहले चीनी कंपनी मूनशॉट AI के चैटबॉट Kimi के लिए AI सर्च टेक्नोलॉजी विकसित करने वाली टीम का नेतृत्व कर चुके हैं। जेंग को इस ऐप का विचार अपने निजी अनुभव से भी मिला। उन्होंने बताया कि उनकी मुलाकात अपनी पत्नी से एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। दोनों की प्रोफाइल 1,000 शब्दों से ज्यादा लंबी थी और उन्होंने एक-दूसरे के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की थी। सिर्फ एक दिन चैट करने के बाद दोनों ने मिलने का फैसला कर लिया था। जेंग का मानना है कि ज्यादातर डेटिंग ऐप तस्वीरों और सामान्य जानकारियों के आधार पर लोगों को जोड़ते हैं, जबकि रिश्ते के लिए स्वभाव और जीवन की प्राथमिकताओं को समझना ज्यादा जरूरी है। इसी सोच के साथ उन्होंने लियांगपेई AI शुरू किया।

तीन साल में शादी नहीं हुई तो कैसे मिलेगा रिफंड?

ऐप की सबसे चर्चित सुविधा इसकी तीन साल की रिफंड पॉलिसी है। जेंग के मुताबिक, शादी एक कानूनी स्थिति है और इसकी पुष्टि अधिकृत दस्तावेजों के आधार पर की जा सकती है। इसलिए अगर यूजर तीन साल में शादी नहीं कर पाता तो उसकी मेंबरशिप फीस लौटाई जा सकती है। हालांकि, इस पॉलिसी को लेकर कुछ सवाल भी हैं। उदाहरण के लिए, अगर कोई यूजर ऐप का इस्तेमाल कम करता है या उसकी शादी किसी दूसरे माध्यम से हो जाती है तो रिफंड के नियम कैसे लागू होंगे, इस बारे में अभी पूरी जानकारी स्पष्ट नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक, ऐप पर अब तक 35 हजार से ज्यादा लोग रजिस्टर कर चुके हैं। इनमें से करीब 9 फीसदी ने पेड मेंबरशिप ली है। कंपनी को एंजेल फंडिंग के तौर पर 1.5 करोड़ युआन यानी लगभग 19.5 करोड़ रुपये भी मिले हैं।

Read More

हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के पास 1,286 किलो मांस जब्त, गोमांस होने के शक में जांच शुरू

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments