गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में प्रेम संबंधों के विवाद ने एक महिला की जान ले ली। इंद्रापुरी इलाके में 28 वर्षीय पिंकी की ईंट से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, महिला की फेसबुक के जरिए एक युवक से दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंधों में बदल गई। सोमवार शाम महिला अपने प्रेमी से मिलने उसके दोस्त के कमरे पर पहुंची थी। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और युवक ने ईंट से हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया है। मृतका की पहचान बुलंदशहर के अनूपशहर थाना क्षेत्र की रहने वाली पिंकी के रूप में हुई है। वह अपने पति प्रमोद और दो बच्चों के साथ लोनी के इंद्रापुरी नंबर-दो स्थित नीलम फैक्टरी रोड पर किराये के मकान में रहती थी। उसका पति मजदूरी करता है। त्योहार के चलते प्रमोद अपने गांव गया हुआ था। इसी दौरान सोमवार देर शाम यह वारदात हो गई।
फेसबुक से शुरू हुई दोस्ती
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पिंकी की कुछ महीने पहले फेसबुक और फोन के जरिए पिंटू नाम के युवक से दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। बताया जा रहा है कि पिंटू ने अपने साथी आर्यन के साथ पिंकी के घर के पास ही एक कमरा किराये पर लिया था। दोनों युवक पिछले करीब चार दिनों से वहां रह रहे थे। सोमवार को पिंकी पिंटू से मिलने उसके साथी आर्यन के कमरे पर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि वहां तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद पिंकी और पिंटू के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद बढ़ा तो ईंट से सिर पर किया हमला
आरोप है कि कहासुनी के दौरान पिंटू ने गुस्से में पास रखी ईंट उठाकर पिंकी के सिर पर कई वार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के समय पिंटू का दोस्त आर्यन भी कमरे में मौजूद था। कमरे से चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। सोमवार रात करीब 8:54 बजे पुलिस को घटना की जानकारी मिली।
पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लिया
सूचना मिलते ही लोनी बॉर्डर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कमरे में पिंकी का शव जमीन पर पड़ा मिला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फील्ड यूनिट को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने पिंटू और आर्यन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतका के पति और परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
ACP अमरदीप मौर्य ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में फेसबुक और फोन के जरिए कुछ महीने पहले दोस्ती होने और बाद में आपसी विवाद की बात सामने आई है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और वारदात में दोनों युवकों की भूमिका की जांच कर रही है।
Read More
Dev Uthani Ekadashi: देवउठनी एकादशी से फिर गूंजेगी शहनाइयां, जानें सही तारीख और पूजा मुहूर्त


[…] […]