HomeBreaking Newsरक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, प्रयागराज में 100...

रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, प्रयागराज में 100 क्विंटल से ज्यादा मिलावटी मिठाई की गई नष्ट

रक्षाबंधन और कृष्ण जन्माष्टमी से पहले प्रयागराज में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी मिठाइयों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। सोरांव और फाफामऊ इलाके में छापेमारी के दौरान 100 क्विंटल से ज्यादा संदिग्ध और हानिकारक मिठाइयां बरामद हुईं। अधिकारियों ने मौके पर ही जेसीबी से गड्ढा खुदवाया और जब्त मिठाइयों को उसमें डालकर नष्ट करा दिया। कार्रवाई के दौरान मिठाई तैयार करने वाली जगहों पर गंदगी मिलने के साथ ही संदिग्ध रसायन भी बरामद किए गए। विभाग ने मिलावटी उत्पादों के 12 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।

गंदगी के बीच तैयार हो रही थी मिठाई

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर विभागीय टीमों ने सोरांव और फाफामऊ में कई ठिकानों पर जांच की। अधिकारियों के मुताबिक, कुछ स्थानों पर बड़े स्तर पर मिठाइयों का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था। जांच के दौरान निर्माण स्थल पर साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली। टीम को कुछ संदिग्ध रसायन भी मिले, जिनके इस्तेमाल को लेकर अधिकारियों ने आपत्ति जताई। इसके बाद बड़ी मात्रा में मिठाई को जब्त कर लिया गया।

जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराई मिठाई

जब्त मिठाइयों को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने के लिए अधिकारियों ने मौके पर जेसीबी बुलवाई। गड्ढा खुदवाने के बाद 100 क्विंटल से अधिक मिठाई उसमें डालकर नष्ट कर दी गई, ताकि इसे दोबारा बाजार में नहीं पहुंचाया जा सके।

कारोबारी का रजिस्ट्रेशन निलंबित

खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित कारोबारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसका रजिस्ट्रेशन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री पर भी रोक लगा दी गई है। इसके साथ ही कारोबारी के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कराई गई है। विभाग अब बरामद नमूनों की लैब रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

15 दिनों में 59 नमूने जांच के लिए भेजे

प्रयागराज मंडल के सहायक आयुक्त खाद्य दीनानाथ यादव के मुताबिक, त्योहारों को देखते हुए मिलावट के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पिछले एक पखवाड़े में विभाग ने अलग-अलग खाद्य पदार्थों के 59 नमूने जांच के लिए लैब भेजे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों तक सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है और त्योहारों के दौरान मिलावट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Read More

हिमाचल हाईकोर्ट ने लिव-इन रिलेशनशिप कपल को दी राहत, कहा- अपनी मर्जी से साथ रहने का अधिकार

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments