HomeBreaking Newsनेपाल में बाढ़ का खतरा अभी टला नहीं, अगले 3 दिन सावधान!...

नेपाल में बाढ़ का खतरा अभी टला नहीं, अगले 3 दिन सावधान! चीन ने दी नई चेतावनी

नेपाल के तीन जिलों में भोटेकोसी नदी में आई अचानक बाढ़ के बाद हालात अभी सामान्य नहीं हुए हैं। अब चीन की ओर से एक नई चेतावनी जारी की गई है। चीन के जल संसाधन मंत्रालय के मुताबिक, नेपाल में नदियों के संगम के पास एक बड़ी बैरियर लेक बन गई है। इसमें लगातार पानी बढ़ रहा है और इसके टूटने का खतरा बना हुआ है। चीनी मंत्रालय के अनुसार, गुरुवार सुबह तक झील में करीब 20 लाख घन मीटर पानी जमा हो चुका था और यह पहले ही ओवरफ्लो कर रही है। अगले तीन दिनों में इसमें करीब 30 लाख घन मीटर अतिरिक्त पानी पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में झील के टूटने पर नीचे के इलाकों में अचानक बाढ़ का खतरा और बढ़ सकता है।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने की हालात की समीक्षा

नेपाल में बिगड़ते हालात को देखते हुए विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गुरुवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इसमें विदेश सचिव, विदेश मंत्रालय की टीम और काठमांडू तथा बीजिंग में तैनात भारत के राजदूत शामिल हुए। जयशंकर ने बताया कि बैठक में नेपाल के बाढ़ प्रभावित इलाकों में मौजूद भारतीय नागरिकों की स्थिति और उनकी सुरक्षा की जानकारी जुटाने पर चर्चा हुई। विदेश मंत्रालय इस काम के लिए अलग-अलग मंत्रालयों, राज्य सरकारों, टूर ऑपरेटरों और परियोजनाओं से जुड़े अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत नेपाल सरकार और वहां की संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है और राहत-बचाव के प्रयासों में सहयोग कर रहा है।

हिमस्खलन से रुका था नदी का बहाव

नेपाल में 26 अगस्त को आई फ्लैश फ्लड के पीछे भोटेकोसी नदी की सहायक नदी ल्हेन्डे का प्रवाह रुकना बताया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक हिमस्खलन के कारण पानी का रास्ता बाधित हुआ और उसके बाद अचानक पानी नीचे की ओर बढ़ गया। इसका सबसे पहला बड़ा असर नेपाल-चीन सीमा के पास स्थित तिमुरे गांव और रसुवागढ़ी क्षेत्र में देखने को मिला। खास बात यह रही कि उस समय इलाके में बारिश नहीं हो रही थी। इसलिए स्थानीय लोगों को अचानक आई बाढ़ का पहले से अंदाजा नहीं था।

भारत ने भेजी दूसरी राहत खेप

भारत ने नेपाल में राहत अभियान के तहत सहायता बढ़ा दी है। बुधवार को भेजी गई 10 टन मानवीय सहायता के बाद गुरुवार को भारत ने 37.5 टन राहत सामग्री की दूसरी खेप रवाना की। पहली खेप में बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित लोगों के लिए जरूरी सामान शामिल था। नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने यह सहायता नेपाल के संस्कृति, पर्यटन और नागरिक उड्डयन मंत्री खड़क राज पौडेल को सौंपी। भारत की ओर से राहत और बचाव कार्यों के लिए आगे भी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

MP के लोगों के लिए दिल्ली में कंट्रोल रूम

नेपाल में फंसे मध्य प्रदेश के नागरिकों की मदद के लिए मध्य प्रदेश सरकार ने नई दिल्ली में विशेष कंट्रोल रूम बनाया है। राज्य सरकार के मुताबिक, इसके जरिए नेपाल में मौजूद या वहां फंसे लोगों और उनके परिजनों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

हेल्पलाइन: 011-26772005
WhatsApp: 9818963273
ईमेल: recp1mpbhawan@mp.gov.in

Read More

सुभाष चंद्रा के ₹22 हजार करोड़ के कर्ज पर सिर्फ ₹6.5 करोड़! NCLT के फैसले से मचा हड़कंप, विजय माल्या ने कसा तंज

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments