HomeBreaking Newsफिरोजपुर में BSF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, बॉर्डर एरिया में तलाशी...

फिरोजपुर में BSF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, बॉर्डर एरिया में तलाशी अभियान में 20 किलो हेरोइन बरामद

पंजाब के फिरोजपुर(Ferozepur) जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास नशीले पदार्थों की बड़ी खेप मिलने की सूचना से सुरक्षा एजेंसियों में हलचल बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि सीमावर्ती गांव पधरी के खेतों से करीब 20 किलो संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। हालांकि, बीएसएफ या पुलिस के किसी वरिष्ठ अधिकारी ने अभी तक इस बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जानकारी के मुताबिक, संदिग्ध नशीले पदार्थों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद बीएसएफ और पुलिस की टीमों ने पधरी गांव के आसपास खेतों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान कुछ पैकेट मिलने की बात सामने आई है। सुरक्षा एजेंसियों ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पाकिस्तान से ड्रोन आने की आशंका

प्रारंभिक आशंका है कि नशीले पदार्थों की यह खेप ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से भारतीय सीमा में पहुंचाई गई हो सकती है। जांच एजेंसियां अब ड्रोन की संभावित उड़ान और उसके इस्तेमाल से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही हैं।

अधिकारियों का ध्यान इस बात पर भी है कि ड्रोन ने सीमा पार करने के लिए किस रास्ते का इस्तेमाल किया और भारतीय क्षेत्र में खेप लेने के लिए कौन लोग मौजूद थे। इसके अलावा ड्रोन को पाकिस्तान में कहां से उड़ाया गया और भारत में उसे कौन संचालित कर रहा था, इसकी भी जांच की जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियों की बढ़ी चिंता

पधरी गांव पाकिस्तान सीमा से करीब 15 किलोमीटर दूर बताया जाता है। इस दूरी तक ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थ पहुंचाए जाने की आशंका ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

फिलहाल आसपास के इलाकों में भी तलाशी जारी है। जांच पूरी होने और अधिकारियों की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही बरामद पदार्थ की सही मात्रा, उसके स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

यह भी पढ़ें : CM मान ने धूरी में लाभार्थियों को बांटे प्रापर्टी ऑनरशिप सर्टिफिकेट…

RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments