फरीदाबाद(Faridabad) के वार्ड नंबर-44 में विकास कार्यों को नई गति मिलने जा रही है। शनिवार को केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने करीब 28.5 लाख रुपये की लागत से होने वाले निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इस मौके पर वार्ड की तीन गलियों में काम भी शुरू करा दिया गया। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय के भीतर और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरी हों।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर फरीदाबाद के विकास को तेज़ी से आगे बढ़ा रही हैं जिससे शहर की पहचान और मजबूत होगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि हर वार्ड में समान रूप से विकास कार्य कराए जाएंगे और पानी, सीवर व सड़कों जैसी जरूरी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाएं, ताकि उनका समाधान समय रहते किया जा सके।
किसानों के हित सर्वोपरि
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार उनके हितों को सर्वोपरि मानती है और बिना उनकी सहमति के किसी भी हालत में जमीन अधिग्रहण नहीं किया जाएगा। यह कदम किसानों के अधिकारों की रक्षा और उनका भरोसा बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि आसपास के 24 गांवों के समग्र विकास के लिए लगभग 600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी जा चुकी है, जिनमें सड़क, पानी और सीवरेज जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा।
जेवर एयपोर्ट तक बढ़ाई जाएगी मेट्रो
कनेक्टिविटी को लेकर भी बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। मेट्रो को जेवर एयरपोर्ट तक बढ़ाने की दिशा में काम चल रहा है जबकि पलवल तक विस्तार की योजना भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है। इन परियोजनाओं पर करीब 30 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे जिससे फरीदाबाद का दिल्ली, नोएडा और जेवर एयरपोर्ट से सीधा संपर्क बेहतर होगा। इसके अलावा, पुराने रेलवे फाटकों को हटाकर उनकी जगह ओवरब्रिज और अंडरपास बनाए जा रहे हैं। आश्रम से सराय ख्वाजा तक बनने वाली एलिवेटेड रोड से यात्रा समय में भी काफी कमी आएगी।