लखनऊ में सोमवार सुबह अचानक बदले मौसम ने शहर की रफ्तार थाम दी। तेज आंधी और करीब डेढ़ घंटे तक हुई बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सुबह करीब 8:20 बजे अचानक आसमान में घने बादल छा गए, जिससे शहर के कई हिस्सों में अंधेरा जैसा माहौल बन गया। इसी कारण दिल्ली से लखनऊ आ रही फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
भोपाल के लिए फ्लाइट डायवर्ट
खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। दिल्ली से लखनऊ आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-6476 को लैंडिंग में दिक्कतों के कारण भोपाल डायवर्ट करना पड़ा। बताया जा रहा है कि विमान ने लखनऊ एयरपोर्ट पर तीन बार उतरने की कोशिश की, लेकिन खराब मौसम के चलते सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद फ्लाइट को भोपाल भेज दिया गया। इस विमान में उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी सवार थे, जो सुरक्षित भोपाल पहुंच गए।
अगले 3 दिन बारिश के आसार
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि दोपहर में और तेज बारिश हो सकती है, साथ ही कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। अगले तीन दिनों तक आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया गया है। बारिश के बाद मौसम में ठंडक महसूस की गई है। सोमवार को लखनऊ का तापमान 23 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इससे पहले रविवार को अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री दर्ज किया गया था, जो सामान्य से काफी कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। फिलहाल, अचानक बदले मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन जलभराव और ट्रैफिक की समस्या ने मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं।
Read More
निगम चुनाव के बीच सोनीपत पहुंचे CM सैनी, गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

