Elon Musk Trillionaire: दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क एक बार फिर ट्रिलियनेयर बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, सोमवार को उनकी संपत्ति में 65 अरब डॉलर यानी करीब 6.26 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। इसके साथ ही उनकी कुल नेटवर्थ बढ़कर 1.04 ट्रिलियन डॉलर हो गई। करीब तीन महीने में यह दूसरी बार है जब मस्क की संपत्ति इस स्तर तक पहुंची है।
इस साल 589 अरब डॉलर बढ़ी नेटवर्थ
मस्क की संपत्ति में इस साल अब तक 589 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हो चुकी है। ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के अनुसार, उनकी नेटवर्थ में सालाना आधार पर 120 फीसदी की वृद्धि हुई है। उनकी संपत्ति इतनी तेजी से बढ़ी है कि दुनिया के दूसरे और तीसरे सबसे अमीर कारोबारी लैरी पेज और जेफ बेजोस की कुल संपत्ति 571 अरब डॉलर भी मस्क की इस साल हुई बढ़ोतरी से कम है।
Tesla और SpaceX के शेयर बने बड़ी वजह
मस्क की दौलत में ताजा उछाल की सबसे बड़ी वजह Tesla और SpaceX के शेयरों में आई तेजी रही। सोमवार को SpaceX के शेयर 7.63 फीसदी चढ़े, जबकि Tesla के शेयरों में 2.20 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अक्टूबर में अब तक SpaceX के शेयर 13.4 फीसदी और Tesla के शेयर 7.64 फीसदी ऊपर आ चुके हैं। ब्लूमबर्ग वेल्थ इंडेक्स के मुताबिक, SpaceX और Tesla में मस्क की हिस्सेदारी उनकी कुल संपत्ति के 98 फीसदी से ज्यादा हिस्से के बराबर है।
मॉर्गन स्टेनली के भरोसे से भी मिला सहारा
दोनों कंपनियों के प्रति निवेशकों के भरोसे में हालिया मजबूती भी मस्क की संपत्ति बढ़ने की वजह बनी। सोमवार को मॉर्गन स्टेनली के एक एनालिस्ट ने SpaceX को स्पेस और इंटेलिजेंस सेक्टर की “मजबूत संभावनाओं” (strong optionality) का फायदा उठाने का सबसे सस्ता तरीका बताया। इसके बाद शेयरों में तेजी और बढ़ी। SpaceX, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सोशल मीडिया से जुड़ी कंपनियों के शेयर अगस्त के निचले स्तर से 58 फीसदी तक रिकवर हुए हैं। वहीं, पिछले सप्ताह Tesla ने तीसरी तिमाही में उम्मीद से बेहतर बिक्री दर्ज की थी।
जून में पहली बार बने थे ट्रिलियनेयर
55 वर्षीय मस्क ने जून में पहली बार ट्रिलियनेयर का मुकाम हासिल किया था। उस समय SpaceX के रिकॉर्ड-तोड़ आईपीओ के बाद कंपनी के शेयरों में जबरदस्त उछाल आया था। हालांकि, SpaceX के बहुत ज्यादा वैल्यूएशन को लेकर चिंताओं के बीच शेयरों में गिरावट आई और मस्क ने जल्द ही यह दर्जा गंवा दिया।
जुलाई तक 600 अरब डॉलर से ज्यादा घट गई थी दौलत
जुलाई के आखिर तक मस्क की संपत्ति अपने उच्चतम स्तर से 600 अरब डॉलर से ज्यादा कम हो गई थी। यह गिरावट इतनी बड़ी थी कि मस्क को छोड़ दिया जाए तो ब्लूमबर्ग की दुनिया के 500 सबसे अमीर लोगों की सूची में शामिल किसी भी व्यक्ति की पूरी संपत्ति भी इतनी नहीं थी। अब SpaceX और Tesla में तेजी के बाद मस्क ने तीन महीने के भीतर दूसरी बार 1 ट्रिलियन डॉलर की नेटवर्थ का आंकड़ा पार कर लिया है।
Read More:
मासिक शिवरात्रि 8 या 9 अक्टूबर? निशिता मुहूर्त से तय होगी तारीख, अगले दिन होगा चतुर्दशी श्राद्ध

