Donald Trump Support Nvidia CEO Jensen Huang: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एनवीडिया के CEO जेन्सन हुआंग का बचाव करते हुए कहा है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि जिस चीनी महिला के साथ उनके कथित संबंधों की खबरें सामने आई हैं, वह जासूस हो सकती है। ट्रम्प ने हुआंग को अच्छा इंसान बताया और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस पूरे मामले से अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं पहुंचा होगा। दूसरी ओर, चीन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें देश को बदनाम करने की कोशिश बताया है।
ट्रम्प ने खुद हुआंग से पूछे थे सवाल
व्हाइट हाउस में सोमवार को मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रम्प ने कहा कि जेन्सन हुआंग से जुड़े इस मामले के बारे में जानकर उन्हें हैरानी हुई। वह हुआंग को लंबे समय से जानते हैं और उन्हें एक अच्छा इंसान मानते हैं।
ट्रम्प ने बताया कि उन्होंने खुद हुआंग से इस बारे में बातचीत की थी। उन्होंने उनसे पूछा था कि क्या उन्हें उस महिला के चीन की खुफिया एजेंसी से कथित संबंधों की जानकारी थी। फॉक्स न्यूज के मुताबिक, ट्रम्प ने कहा, ‘हुआंग ने मुझसे कहा कि उन्हें बिल्कुल पता नहीं था कि वह महिला जासूस है। मैं उनकी बात पर सच में भरोसा करता हूं।’
ट्रम्प ने एनवीडिया की चिप तकनीक की तारीफ की
इस बातचीत के दौरान ट्रम्प ने एनवीडिया की तकनीक और जेन्सन हुआंग की इंजीनियरिंग क्षमता की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कंपनी की ब्लैकवेल चिप तकनीक को दुनिया में सबसे आगे बताया। ट्रम्प के मुताबिक, इसकी बनावट इतनी जटिल है कि दूसरी कंपनियों के लिए इसकी नकल करना भी आसान नहीं है। ट्रम्प ने कहा, ‘उनके पास ऐसी चिप है जिसकी तकनीक 10 साल आगे है। वह कमाल के इंसान हैं।’
राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे की जानकारी नहीं-ट्रम्प
अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा पर इस मामले के संभावित असर को लेकर ट्रम्प ने कहा कि फिलहाल उन्हें ऐसी किसी समस्या की जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर भविष्य में कोई खतरा सामने आता है तो सरकार इसकी जानकारी देगी।
ट्रम्प ने बताया कि उन्होंने इस विवाद पर जेन्सन हुआंग का बयान भी पढ़ा है। उनके अनुसार, हुआंग इस पूरे मामले से काफी दुखी हैं। उन्हें सबसे ज्यादा चिंता अपनी पत्नी और परिवार की है, जिन्हें इस विवाद के कारण परेशानी झेलनी पड़ रही है।
एनवीडिया का बोर्ड भी कर रहा मामले की जांच
इस विवाद के बीच एनवीडिया का बोर्ड भी जांच कर रहा है कि कहीं जेन्सन हुआंग किसी विदेशी खुफिया एजेंसी के जाल में तो नहीं फंस गए थे। फॉक्स न्यूज के मुताबिक, बोर्ड ने कहा है कि अब तक उसे ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे यह साबित हो कि अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा या कंपनी की गोपनीय जानकारी खतरे में पड़ी है।
वहीं, सोमवार को एनवीडिया के शेयरधारकों ने कंपनी और जेन्सन हुआंग के खिलाफ मुकदमा दायर किया। शेयरधारकों का आरोप है कि कंपनी ने हुआंग के कथित संबंधों से जुड़ी अहम जानकारी निवेशकों से छिपाई। उनका कहना है कि यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा था और इससे कंपनी की छवि के साथ-साथ कारोबार को भी नुकसान पहुंच सकता था।
रिपोर्ट के मुताबिक, हुआंग ने कंपनी के कर्मचारियों से कहा था कि उन्होंने अपनी पत्नी को धोखा दिया है। हालांकि, उन्होंने एलिस हुआंग के साथ कथित संबंधों को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की।
चीन ने जासूसी के आरोपों को बताया बेबुनियाद
चीन ने जेन्सन हुआंग से जुड़े जासूसी के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन से सोमवार को द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट को लेकर सवाल पूछा गया था। इस रिपोर्ट में अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के हवाले से दावा किया गया था कि हुआंग के करीब रही एक चीनी कारोबारी महिला बीजिंग को खुफिया जानकारी दे रही थी।
इस पर गुओ जियाकुन ने कहा, ‘ये खबरें बेबुनियाद अटकलें हैं और चीन को बदनाम करने की कोशिश हैं।’ भारत में चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गुओ के जवाब का वीडियो साझा किया। उन्होंने कहा कि चीन जेन्सन हुआंग से जुड़े कथित चीनी जासूस के आरोपों को पूरी तरह खारिज करता है।
Read More:
पंजाब में इस साल पराली जलाने के मामलों में करीब 95 फीसदी की कमी – अमन अरोड़ा

