यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने परिचालन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। 18 मई से हर सोमवार अतिरिक्त मेट्रो सेवाएं चलाई जाएंगी ताकि पीक आवर्स में भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और यात्रियों को सुगम सफर मिल सके। जरूरत पड़ने पर अन्य दिनों में भी इसी तरह की अतिरिक्त सेवाएं शुरू करने की योजना पर विचार किया जा रहा है।
भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। इसके तहत अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के साथ-साथ नए टिकट काउंटर और आधुनिक स्कैनिंग उपकरण लगाए जा रहे हैं। यात्रियों की जांच प्रक्रिया को तेज करने के लिए DFMD और बैगेज स्कैनर का उपयोग भी बढ़ाया जाएगा।
मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी को किया गया मजबूत
DMRC के अनुसार, दिल्ली मेट्रो अब दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों, सरकारी दफ्तरों, शैक्षणिक संस्थानों, बाजारों और पर्यटन स्थलों को बेहतर तरीके से जोड़ रही है। इसके अलावा एयरपोर्ट, ISBT, RRTS, नोएडा और गुरुग्राम रैपिड मेट्रो जैसी सेवाओं के साथ मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी को भी मजबूत किया गया है जिससे एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचना पहले से आसान हुआ है।
कंपनी ने यह भी बताया कि 160 से अधिक मेट्रो स्टेशनों पर लास्ट माइल कनेक्टिविटी को विकसित किया गया है जिससे रोजाना करीब एक लाख यात्री लाभान्वित हो रहे हैं। इसमें ई-रिक्शा, ई-ऑटो, बाइक टैक्सी, कैब और साइकिल जैसी सुविधाएं शामिल हैं ताकि यात्रियों को स्टेशन से अपने अंतिम गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कत न हो। इसके साथ ही DMRC सारथी ऐप के जरिए यात्रियों को डोर-टू-डोर यात्रा योजना की सुविधा भी दी जा रही है।
डिजिटल सुविधाओं से इंटीग्रेशन को भी बढ़ावा
डिजिटल सुविधाओं के तहत QR आधारित टिकटिंग, NCMC कार्ड, WhatsApp टिकट बुकिंग और Paytm, PhonePe, Amazon तथा IRCTC जैसे प्लेटफॉर्म से इंटीग्रेशन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।