Diljit Dosanjh Delhi Concert: पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर चल रहा सस्पेंस अब खत्म हो गया है। 30 अक्टूबर को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले उनके ‘ऑरा इंडिया टूर’ के शो को मंजूरी मिल गई है। इससे पहले सुरक्षा कारणों के चलते दिल्ली पुलिस ने कार्यक्रम की अनुमति पर अस्थायी रोक लगा दी थी। इसके बाद सोशल मीडिया और कई खबरों में कॉन्सर्ट रद्द होने की चर्चा शुरू हो गई थी।
दिलजीत ने भी तोड़ी चुप्पी
परमिशन मिलने के बाद दिलजीत दोसांझ ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो रील शेयर कर पूरे मामले पर अपने अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए शो को लेकर चल रही चर्चाओं पर मजाकिया टिप्पणी की। दिलजीत ने कहा, “क्या शानदार दिन है, कितनी अच्छी वाइब्स आ रही हैं!” इसके बाद उन्होंने कहा कि अगर उनके शो को लेकर बनने वाली सारी रील्स, बहसें और ट्वीट्स खत्म हो गए हैं, तो अब 30 तारीख को मिलते हैं। उन्होंने लोगों को किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सही खबर पढ़ने की सलाह भी दी।
बुकमायशो ने साफ किया- शो रद्द नहीं हुआ था
कॉन्सर्ट के आयोजक बुकमायशो की टीम ने भी स्पष्ट किया कि दिल्ली में होने वाला दिलजीत का शो रद्द नहीं हुआ था। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम की अनुमति कुछ समय के लिए रोकी गई थी, जबकि सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की जा रही थी।
सुरक्षा और ट्रैफिक को लेकर हुई बैठक
त्योहारों के मौसम को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कॉन्सर्ट के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक मैनेजमेंट और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने को कहा था। इसके बाद बुकमायशो लाइव की टीम ने दिल्ली पुलिस के साथ बैठक की और कार्यक्रम के लिए तैयार किए गए सुरक्षा एवं प्रबंधन प्लान की जानकारी दी।
पुलिस ने शर्तों के पालन का लिया भरोसा
आयोजकों ने पुलिस को भरोसा दिलाया कि सुरक्षा और ट्रैफिक से जुड़ी सभी जरूरी शर्तों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। इसके बाद पुलिस ने कार्यक्रम को मंजूरी देने पर दोबारा विचार किया और कॉन्सर्ट की अनुमति दे दी। बुकमायशो ने कहा कि वह दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर काम करेगा, ताकि कॉन्सर्ट में आने वाले दर्शकों के साथ-साथ आसपास के इलाकों में आवाजाही करने वाले लोगों को भी परेशानी न हो।
फैंस को मिली बड़ी राहत
परमिशन मिलने के बाद उन फैंस की चिंता दूर हो गई है, जो शो के रद्द होने की खबरों को लेकर असमंजस में थे। अब दिलजीत के प्रशंसक 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले कॉन्सर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
दिल्ली के बाद इन शहरों में भी शो
दिलजीत दोसांझ के ‘ऑरा इंडिया टूर’ में दिल्ली के बाद इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु और लखनऊ समेत कई अन्य शहरों में भी कॉन्सर्ट प्रस्तावित हैं।
Read More:
फिलीपींस में ट्रेनिंग के दौरान दो सैन्य विमान टकराए, चार पायलटों की मौत

